धामी ने हरिद्वार में गंगा गलियारा के तहत 235 करोड़ की चार अवसंरचना परियोजनाओं का शिलान्यास किया
धामी ने हरिद्वार में गंगा गलियारा के तहत 235 करोड़ की चार अवसंरचना परियोजनाओं का शिलान्यास किया
देहरादून, 21 जुलाई (भाषा) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हरिद्वार गंगा गलियारा के तहत लगभग 235 करोड़ रुपये की चार महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया।
हरिद्वार में आयोजित एक समारोह में मुख्यमंत्री ने 43.25 करोड़ रुपये की लागत से प्रशासनिक मार्ग गलियारा विकास परियोजना का भूमि पूजन, 66.76 करोड़ रुपये की लागत से हर की पौड़ी-सुभाष घाट पुनर्विकास परियोजना, 66.34 करोड़ रुपये की लागत से हर की पौड़ी के उत्तर क्षेत्र में आधारभूत अवसंरचना विकास परियोजना तथा 58.84 करोड़ रुपये की लागत से रोड़ी बेलवाला क्षेत्र पुनर्विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
धामी ने उत्तराखंड निवेश एवं आधारिक संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) द्वारा संचालित इन परियोजनाओं को हरिद्वार को विश्वस्तरीय आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी के रूप में विकसित करने के व्यापक विजन का हिस्सा बताया और कहा कि अधिकारियों को इन परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र, भारतीय संस्कृति की जीवंत पहचान तथा सनातन सभ्यता का आध्यात्मिक द्वार है और अगले साल होने वाला कुंभ भारत की सांस्कृतिक एकता और आध्यात्मिक चेतना का महापर्व होगा ।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इसे इतिहास का सबसे दिव्य और भव्य कुंभ बनाने के लिए युद्धस्तर पर कार्य कर रही है और आज शुरू की गयी चारों परियोजनाएं इसी व्यापक तैयारी का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से कुंभ की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ वर्षभर आने वाले श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा पर्यटन, व्यापार, परिवहन, होटल व्यवसाय, हस्तशिल्प एवं अन्य सेवा क्षेत्रों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार को पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में अग्रणी बनाए जाने का कार्य किया जा रहा है । उन्होंने कहा कि हरिद्वार मेडिकल कॉलेज का निर्माण अंतिम चरण में है जबकि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ‘हेलीपोर्ट’, ‘पॉड टैक्सी’ परियोजना तथा हर की पौड़ी से मां चंडी देवी और मां मनसा देवी तक रोपवे परियोजना पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में चल रहे सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन और पुनर्जागरण के क्रम में उत्तराखंड सरकार भी गंगा गलियारा के साथ केदारखंड मंदिर माला मिशन, मानसखंड मंदिर माला मिशन, शारदा गलियारा, गोल्ज्यू गलियारा तथा विवेकानंद गलियारा जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर भी कार्य कर रही है ।
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य केवल मंदिरों के सौंदर्यीकरण के साथ ही श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए मौके सृजित करना भी है ।
भाषा दीप्ति
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


