डीआईजी ने किश्तवाड़ में रणनीतिक सिंथन दर्रे पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की

Ads

डीआईजी ने किश्तवाड़ में रणनीतिक सिंथन दर्रे पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की

  •  
  • Publish Date - May 11, 2026 / 03:31 PM IST,
    Updated On - May 11, 2026 / 03:31 PM IST

जम्मू, 11 मई (भाषा) पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) सरगुन शुक्ला ने जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के विभिन्न हिस्सों में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की।

एक आधिकारिक बयान में सोमवार को बताया गया कि उन्होंने परिचालन तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सिंथन दर्रे का भी दौरा किया।

किश्तवाड़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नरेश सिंह के साथ दौरे पर पहुंचीं डीआईजी को सुरक्षा तंत्र, आतंकवाद विरोधी तैयारियों और जिले में पुलिस की विभिन्न गतिविधियों के बारे में जानकारी दी गई।’

बयान के अनुसार, रविवार को दी गई जानकारी के दौरान एसएसपी ने डीआईजी को ऊंचाई वाले इलाकों में घुमंतू समुदायों की आवाजाही, चुनौतीपूर्ण पहाड़ी क्षेत्रों और किश्तवाड़ को डोडा व अनंतनाग जिलों से जोड़ने वाले रणनीतिक पहाड़ी दर्रों के बारे में विस्तार से अवगत कराया।

उन्होंने हिमाचल प्रदेश के साथ सीमा साझा करने वाले क्षेत्रों की संवेदनशीलता पर भी प्रकाश डाला और डीआईजी को दूर-दराज के इलाकों में सुरक्षा उपायों और परिचालन तैयारियों की जानकारी दी।

सिंथन दर्रे के दौरे के दौरान डीआईजी ने वहां तैनात अधिकारियों और जवानों से बातचीत की और सुरक्षा तैनाती के स्वरूप व तैयारियों की समीक्षा की।

बयान के मुताबिक, उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों के बीच आपसी समन्वय, उच्च स्तरीय सतर्कता और संवेदनशील इलाकों में निरंतर निगरानी रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।

भाषा सुमित मनीषा

मनीषा