असम सीमा पर हिंसा के सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी वापस लेने का निर्देश दिया: जोरामथंगा

Ads

असम सीमा पर हिंसा के सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी वापस लेने का निर्देश दिया: जोरामथंगा

  •  
  • Publish Date - August 2, 2021 / 11:42 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:40 PM IST

आइजोल, दो अगस्त (भाषा) मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरामथंगा ने सोमवार को कहा कि उन्होंने राज्य पुलिस को निर्देश दिया है कि वह उन सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी वापस ले ले, जो असम के साथ राज्य की सीमा पर हुई हिंसा के संबंध में हैं, ताकि सीमा विवादों को सुलझाने के लिए “अनुकूल माहौल” बनाया जा सके।

दोनों राज्यों द्वारा तनाव को कम करने के लिए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और मिजोरम के राज्यसभा सदस्य के वनलालवेना सहित वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ मामले वापस लेने के एक दिन बाद यह घटनाक्रम सामने आया।

मिजोरम के मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘मिजोरम असम सीमा पर हुये विवाद के सौहार्दपूर्ण समाधान के मद्देनजर अनुकूल माहौल बनाने और पीड़ित नागरिकों की दुर्दशा कम करने के लिए, मैंने प्रदेश पुलिस को 26 जुलाई 2021 को कोलासिब जिले के वैरेंगते में सभी आरोपियों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी वापस लेने का निर्देश दिया है।’’

गौरतलब है कि 26 जुलाई को असम और मिजोरम की सीमा पर हुये विवाद के दौरान गोलीबारी में असम के छह पुलिसकर्मियों एवं एक नागरिक की मौत हो गयी थी जबकि 50 से अधिक लेाग घायल हो गये थे।

इसके बाद मिजोरम पुलिस ने असम के मुख्यमंत्री सरमा, छह अधिकारियों एवं 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

भाषा रंजन नेत्रपाल शफीक