सीईटी को केटीयू का घटक महाविद्यालय बनाने पर सभी पक्षों से होगी चर्चा : केरल के शिक्षा मंत्री

सीईटी को केटीयू का घटक महाविद्यालय बनाने पर सभी पक्षों से होगी चर्चा : केरल के शिक्षा मंत्री

सीईटी को केटीयू का घटक महाविद्यालय बनाने पर सभी पक्षों से होगी चर्चा : केरल के शिक्षा मंत्री
Modified Date: July 24, 2026 / 11:48 am IST
Published Date: July 24, 2026 11:48 am IST

तिरुवनंतपुरम, 24 जुलाई (भाषा) केरल के उच्च शिक्षा मंत्री रोजी एम. जॉन ने शुक्रवार को कहा कि कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग तिरुवनंतपुरम (सीईटी) को एपीजे अब्दुल कलाम प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (केटीयू) का घटक महाविद्यालय बनाने के प्रस्ताव पर सरकार सभी पक्षों से चर्चा करेगी और उनकी राय पर विचार करने के बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा।

मंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब सरकार के इस प्रस्ताव का विभिन्न वर्गों द्वारा विरोध किए जाने की खबरें सामने आई हैं। प्रस्ताव का विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि इससे सीईटी की स्वायत्तता प्रभावित होगी।

इन आशंकाओं को दूर करने का प्रयास करते हुए जॉन ने यहां संवाददाताओं से कहा कि केटीयू की स्थापना को कई वर्ष बीत जाने के बावजूद पिछले 10 वर्ष में उसके बुनियादी ढांचे के विकास के लिए पर्याप्त काम नहीं किया गया।

उन्होंने कहा कि इसी कारण विश्वविद्यालय को अनेक कमियों और चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, जिनमें उसकी रैंकिंग से जुड़े मुद्दे भी शामिल हैं।

मंत्री ने कहा, ‘‘इन समस्याओं का समाधान करने तथा केटीयू और सीईटी को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सीईटी को विश्वविद्यालय का घटक महाविद्यालय बनाने का निर्णय लिया गया है।’’

हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में कोई भी निर्णय छात्रों, शिक्षकों और अन्य सभी हितधारकों से चर्चा करने तथा उनकी राय पर विचार करने के बाद ही लिया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘हम इस प्रक्रिया को सभी की सहमति से आगे बढ़ाएंगे।’

भाषा मनीषा सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में