वाट्सऐप लाइव लोकेशन के जरिए हाजिरी लगवाएं महिला एवं बाल विभाग के जिला अधिकारी : दिल्ली सरकार

Ads

वाट्सऐप लाइव लोकेशन के जरिए हाजिरी लगवाएं महिला एवं बाल विभाग के जिला अधिकारी : दिल्ली सरकार

  •  
  • Publish Date - November 3, 2020 / 12:01 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:51 PM IST

नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग ने अपने जिला अधिकारियों से हाजिरी लगवाने के लिए रोजाना वाट्सऐप के जरिए अपनी लाइव लोकेशन भेजने को कहा है।

कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम के नेतृत्व वाले विभाग ने पिछले महीने जारी आदेश का पालन नहीं करने वाले अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

यह कदम यह पता चलने के बाद उठाया गया है कि कुछ जिला अधिकारी केवल लिखकर अपनी लाइव लोकेशन भेज रहे थे। इसके अलावा वे अपने ड्यूटी स्थल की लोकेशन भी साझा नहीं कर रहे थे।

विभाग ने अपने सभी जिला अधिकारियों को लिखे पत्र में कहा है, ”जिला अधिकारियों को अपनी हाजिरी लगवाने के लिए पांच अक्टूबर को बनाए गए वाट्सऐप समूह पर रोजाना सुबह और शाम अपनी लाइव लोकेशन भेजनी होगी।”

इसके अनुसार विभिन्न जिला अधिकारियों द्वारा भेजी गई लाइव लोकेशन का विश्लेषण किया गया है।

पत्र में कहा गया है, ”सभी जिला अधिकारियों को रोजाना लाइव लोकेशन के जरिए अपने आगमन और प्रस्थान की जानकारी देनी होगी। इसके अलावा उन्हें ड्यूटी स्थल की लोकेशन भी साझा करनी होगी। ऐसा न करने पर यह माना जाएगा कि अधिकारी अपनी ड्यूटी पर नहीं हैं। उल्लंघन करने वाले अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”

भाषा जोहेब नेत्रपाल

नेत्रपाल