दिल्ली के पहाड़गंज में घर में आग लगने से दिव्यांग व्यक्ति की मौत, एक घायल
दिल्ली के पहाड़गंज में घर में आग लगने से दिव्यांग व्यक्ति की मौत, एक घायल
नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (भाषा) मध्य दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में एक मकान में आग लगने से एक दिव्यांग बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनका भाई झुलसकर मामूली रूप से घायल हो गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के मुताबिक, दमकल विभाग को देर रात दो बजकर 40 मिनट पर चूना मंडी इलाके में तीसरी मंजिल पर स्थित एक घर में आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।
आग पर तड़के तीन बजकर 10 मिनट पर काबू पा लिया गया।
दमकलकर्मियों ने बताया कि आग घर के अंदर रखे घरेलू सामान तक ही सीमित रही।
घटना के दौरान 60 वर्षीय दिव्यांग रमेश गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें घटनास्थल से निकालकर पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) वैन से राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अधिकारियों के मुताबिक, उनके भाई 58 वर्षीय नरेश का हाथ मामूली रूप से झुलस गया।
उन्होंने बताया कि आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और मामले की जांच जारी है।
भाषा खारी
खारी

Facebook


