गोवा : अनापत्ति प्रमाणपत्र वापस लिये जाने पर डीजे ‘ब्लैक कॉफी’ का कार्यक्रम रद्द
गोवा : अनापत्ति प्रमाणपत्र वापस लिये जाने पर डीजे ‘ब्लैक कॉफी’ का कार्यक्रम रद्द
पणजी, चार अप्रैल (भाषा) ग्रैमी पुरस्कार विजेता दक्षिण अफ्रीकी डीजे-ब्लैक कॉफी के भारत दौरे के गोवा चरण में आयोजित कार्यक्रम को शुक्रवार शाम को अधिकारियों द्वारा अंतिम समय में अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) वापस लिये जाने की वजह से रद्द कर दिया गया।
अधिकारियों ने अनापत्ति प्रमाण पत्र को वापस लेने के इस कदम के पीछे गुड फ्राइडे को कारण बताया।
उन्होंने शनिवार को बताया कि स्थानीय भावनाओं का सम्मान करने और गुड फ्राइडे के धार्मिक महत्व के मद्देनजर ‘सनसेट-टू-नाइट’ नाम से आयोजित करने के लिए पूर्व में दी गई अनुमति वापस ले ली गई।
इस बीच, विपक्षी कांग्रेस ने आयोजकों के खिलाफ राज्य के आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ द्वारा जांच कराए जाने की मांग की।
‘अंजुना कम्यूनिडेड’ द्वारा अनुमति रद्द करने का निर्णय स्थानीय लोगों और कांग्रेस द्वारा गुड फ्राइडे के पवित्र अवसर और आगामी ईस्टर रविवार का हवाला देते हुए आपत्ति जताने के बाद लिया गया। ‘अंजुना कम्यूनिडेड’ की भूमि पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जाना था।
स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि ‘सनसेट टू नाइट’ के आयोजकों ने कार्यक्रम रद्द कर दिया है।
‘अंजुना कम्यूनिडेड’ के वकील सेबेस्टियन डिसूजा ने आयोजकों को संबोधित पत्र में कहा कि अंजुना गांव की सर्वेक्षण संख्या 206/1 में तीन अप्रैल को संगीत कार्यक्रम आयोजित करने के लिए उन्हें चार मार्च, 2026 को दी गई अनापत्ति प्रमाण पत्र को प्रबंध समिति द्वारा सर्वसम्मति से रद्द कर दिया गया है।
गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित पाटकर ने शनिवार को यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि गोवा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं जैसे अधिकारियों से आवश्यक अनुमति प्राप्त किए बिना कथित तौर पर ऑनलाइन टिकट बेचने पर आयोजकों के खिलाफ पार्टी आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओसी) में शिकायत दर्ज करेगी।
भाषा धीरज सिम्मी
सिम्मी

Facebook


