द्रमुक प्रमुख स्टालिन ने पार्टी पुनर्गठन के लिए सलाहकार समिति गठित की

Ads

द्रमुक प्रमुख स्टालिन ने पार्टी पुनर्गठन के लिए सलाहकार समिति गठित की

  •  
  • Publish Date - July 1, 2026 / 10:04 AM IST,
    Updated On - July 1, 2026 / 10:04 AM IST

चेन्नई, एक जुलाई (भाषा) द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एम. के. स्टालिन ने 10 सदस्यीय ‘पार्टी पुनर्गठन सलाहकार समिति’ गठित की है जो चुनाव नतीजों के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों से मिली प्रतिक्रियाओं पर गौर करेगी तथा भावी चुनावों में जीत हासिल करने के लिए शाखा स्तर से लेकर शीर्ष स्तर तक पार्टी के ढांचे में बदलाव की सिफारिश करेगी।

स्टालिन ने विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद जमीनी हालात का जायजा लेने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत करने के मकसद से बनाई गई 38 सदस्यीय समिति का जिक्र करते हुए कहा कि वह उन्हें सौंपी गईं रिपोर्ट का अध्ययन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ऑनलाइन भी राय मांगी गई थी और इस माध्यम से ‘‘करीब छह लाख सुझाव’’ मिले। इन सुझावों का कृत्रिम मेधा (एआई) की मदद से विश्लेषण कर एक रिपोर्ट तैयार की गई है और वह उसका भी अध्ययन कर रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री स्टालिन ने मंगलवार को पार्टी की ओर से जारी एक बयान में कहा कि सामूहिक रूप से मिली राय में मौजूदा समय के अनुरूप पार्टी के पुनर्गठन की वकालत की गई है।

स्टालिन ने कहा, ‘‘इसके आधार पर पार्टी के पुनर्गठन और पुनर्निर्माण को लेकर मेरे कुछ विचार हैं। मेरा मानना है कि पार्टी में नयी ऊर्जा भरने के लिए शाखा स्तर से लेकर शीर्ष निकायों तक आवश्यक पुनर्गठन करने का यह उचित समय है। हमें यह समझना होगा कि पिछली कमियों को दूर करने और नए स्वरूप में जनता के बीच जाने के लिए हमारे लिए पुनर्गठन और पुनर्निर्माण अत्यंत आवश्यक है।’’

उन्होंने घोषणा की कि पार्टी सदस्यों से अब तक मिली राय और सुझावों पर विचार करते हुए पार्टी के ढांचे में एकसमान बदलाव की सिफारिश करने के लिए एक समिति गठित की जा रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह समिति अगस्त के पहले सप्ताह में मुझे अपनी सिफारिशें सौंपेगी।’’

स्टालिन ने कहा कि इन सिफारिशों पर पार्टी के शीर्ष निकायों और जिला सचिवों के साथ विस्तृत चर्चा के बाद पुनर्गठन किया जाएगा।

पार्टी नेता थंगम थेनारासु, गीता जीवन, आर. सक्करापानी और एस. एस. शिवशंकर समिति के सदस्य हैं।

पार्टी पदाधिकारी टी. रविकुमार, एम. एम. अब्दुल्ला, आई. परंथामेन, एस. मुरासोली, एम. पी. एझिलन और एस. के. पी. करुणा समिति के अन्य सदस्य हैं।

सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने 23 अप्रैल 2026 को हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीट जीती थीं। द्रमुक को केवल 59 सीट मिली थीं।

भाषा

सिम्मी वैभव

वैभव