तमिलनाडु में द्रमुक सरकार ने भ्रष्टाचार को व्यवस्था का हिस्सा बनाया: प्रधानमंत्री मोदी

Ads

तमिलनाडु में द्रमुक सरकार ने भ्रष्टाचार को व्यवस्था का हिस्सा बनाया: प्रधानमंत्री मोदी

  •  
  • Publish Date - April 13, 2026 / 06:30 PM IST,
    Updated On - April 13, 2026 / 06:30 PM IST

नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को तमिलनाडु में द्रमुक सरकार पर ‘‘भ्रष्टाचार को व्यवस्था का हिस्सा बनाने’’ का आरोप लगाया और कहा कि दक्षिणी राज्य के लोग बदलाव की उम्मीद से भाजपा-राजग की ओर देख रहे हैं।

‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के बूथ-स्तरीय कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत में मोदी ने यह भी कहा कि वह जानते हैं कि तमिलनाडु के लोग सत्तारूढ़ द्रमुक को उसके कथित कुशासन के लिए दंडित करने को तैयार हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘तमिलनाडु में द्रमुक सरकार ने भ्रष्टाचार को व्यवस्था का अभिन्न अंग बना दिया है। हर विभाग अनियमितताओं में लिप्त है। कई मंत्री मुकदमों का सामना कर रहे हैं। भ्रष्टाचार, कमीशन और रिश्वतखोरी द्रमुक सरकार की पहचान बन गए हैं।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब द्रमुक के केंद्र सरकार में शामिल होने के बावजूद तमिलनाडु में कोई नयी परियोजना नहीं आती थी और चाहे कितनी भी समस्याएं हों, उनका कोई समाधान नहीं किया जाता था।

उन्होंने कहा, ‘‘और फिर आज का समय है, जब राजग सरकार रेलवे, राजमार्गों और हवाई अड्डों के लिए बड़ी परियोजनाएं ला रही है। यह तेजी से काम कर रही है।’’

मोदी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत के कारण ही तमिलनाडु के लोगों के बीच अब एक नया माहौल बना है।

उन्होंने कहा, ‘‘लोग भाजपा-राजग गठबंधन को बदलाव की उम्मीद से देख रहे हैं।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि किसानों का कल्याण राजग सरकार की प्राथमिकता है और मध्यम वर्ग के सपनों को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में महत्वपूर्ण परिवर्तन आया है। तमिलनाडु में 11 नए मेडिकल कॉलेज बनाए गए हैं और एक दशक में मेडिकल सीटों की संख्या दोगुनी हो गई है।’’

मोदी ने कहा कि 2004 से 2014 के बीच, जब द्रमुक केंद्र सरकार में शामिल थी, तब तमिलनाडु में कोई नया विकास नहीं हुआ।

उन्होंने कहा, ‘‘चाहे कितनी भी समस्याएं रही हों, उनका समाधान नहीं हुआ। हमारी सरकार के सत्ता में आने के बाद तमिलनाडु में बदलाव देखने को मिला है। उदाहरण के लिए, पंबन पुल का निर्माण इस सकारात्मक कार्य को दर्शाता है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का दृष्टिकोण यह सुनिश्चित करना रहा है कि योजनाओं का लाभ बिना किसी बिचौलिए के सीधे किसानों तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत हजारों करोड़ रुपये सीधे किसानों के खातों में अंतरित किए गए हैं।

मोदी ने कहा, ‘‘फसल बीमा योजना के तहत भी हजारों करोड़ रुपये के दावों का निपटारा किया जा चुका है और वह पैसा सीधे किसानों के खातों में गया है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि द्रमुक सरकार के रवैये के कारण कई गरीब परिवार पीएम आवास योजना का लाभ नहीं उठा सके।

उन्होंने कहा, ‘‘उचित सर्वेक्षण नहीं किया गया और पात्र लोगों को शामिल नहीं किया गया। अगर ऐसा किया गया होता, तो तमिलनाडु में लाखों परिवारों को स्थायी घर मिल जाते।’’

प्रधानमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से तमिलनाडु में द्रमुक के कथित कुशासन को उजागर करने को कहा।

उन्होंने कहा, ‘‘उन लोगों को ढूंढ़िए जिन्हें योजनाओं का लाभ नहीं मिला है और जो अभी भी पात्र हैं। राजग सरकार बनने के बाद, हम यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रत्येक पात्र परिवार को पक्का मकान मिले, यह मोदी की गारंटी है।’’

मोदी ने तमिलनाडु में महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया।

उन्होंने कहा, ‘‘आज तमिलनाडु में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। मादक पदार्थों और अवैध शराब का नेटवर्क मजबूत होता जा रहा है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि द्रमुक सरकार इन गतिविधियों को संरक्षण दे रही है।’’

प्रधानमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से युवा मतदाताओं को यह बताने को कहा कि तमिलनाडु में सत्ता में न होने के बावजूद, ‘‘हमने बहुत काम किया है’’।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर ‘डबल इंजन’ वाली सरकार बनती है, तो विकास की गति काफी तेज होगी।’’

भाषा

नेत्रपाल नरेश

नरेश