मुंबई, 13 अप्रैल (भाषा) टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयर इंडिया का पहला नवीनीकृत (रिफर्बिश्ड) चौड़े आकार वाला बोइंग 787-8 विमान सोमवार रात दिल्ली पहुंच गया।
एयरलाइन ने तीन साल पहले चौड़े आकार वाले विमानों के अपने बेड़े के व्यापक नवीनीकरण के लिए 40 करोड़ डॉलर के निवेश की घोषणा की थी।
एयरलाइन ने बयान में कहा कि वीटी-एएनटी पंजीकरण वाला यह विमान अमेरिका के सैन बर्नार्डिनो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लगातार उड़ान भरते हुए रात करीब 10 बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा।
एयर इंडिया ने कहा कि यह उसके 26 विमानों के नवीनीकरण कार्यक्रम के तहत पहले बोइंग 787-8 विमान का व्यापक कायाकल्प पूरा होने का संकेत है। विमान में आधुनिक सीटें, मनोरंजन व्यवस्था और प्रीमियम इकॉनमी केबिन जोड़े गए हैं।
एयरलाइन का चौड़े आकार वाला बेड़ा मुख्य रूप से 787-8 और बी777 विमानों से बना है, जो यूरोप, अमेरिका और सुदूर-पूर्व के लंबी दूरी के मार्गों पर उड़ान भरते हैं।
कंपनी ने दिसंबर, 2022 में 40 करोड़ डॉलर के निवेश से अपने 27 ड्रीमलाइनर और 13 बी777 विमानों के नवीनीकरण की योजना घोषित की थी। हालांकि, आपूर्ति श्रृंखला और भू-राजनीतिक कारणों से इस परियोजना में देरी हुई।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय