कोयंबटूर, 18 अप्रैल (मोदी) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को तमिलनाडु की सत्ताधारी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) पर निशाना साधते हुए कहा कि उसकी नीति “परिवार द्वारा, परिवार के लिए” है और परिवार के लोगों में ही लूटपाट की होड़ लगी हुई है।
यहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में तमिलनाडु में दो चीजें रिकॉर्ड स्तर तक बढ़ गई हैं, पहली है एक परिवार की संपत्ति और दूसरी है तमिलनाडु का कर्ज।
उन्होंने आरोप लगाया कि द्रमुक का शीर्ष परिवार लगातार अमीर होता जा रहा है, जबकि तमिलनाडु में प्रत्येक व्यक्ति पर कर्ज का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और दिल्ली में एक प्रमुख सांसद सभी एक ही परिवार से हैं, यहां तक कि फिल्म उद्योग, मीडिया संस्थान आदि भी एक ही परिवार के नियंत्रण में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि द्रमुक के वरिष्ठ नेताओं को भी परिवार के कनिष्ठों के सामने झुकना पड़ता है।
मोदी ने कहा, “जब भी मैं तमिलनाडु के लोगों से मिलता हूं, वे मुझे बताते हैं कि यहां परिवार में कड़ी प्रतिस्पर्धा चल रही है। यह प्रतिस्पर्धा बेटे और दामाद के बीच है। वे इस बात पर होड़ कर रहे हैं कि कौन ज्यादा लूटेगा।”
उन्होंने कहा कि तमिलनाडु को शासन में दूरदर्शिता की जरूरत है, न कि दामाद या बेटे द्वारा की गई लूट की। इसी संदर्भ में उन्होंने कहा कि द्रमुक और दिल्ली में उसके सहयोगी दल में एक बात समान है, दोनों ही मामलों में दामाद ने “अद्भुत” काम किए हैं।
भाषा प्रशांत नेत्रपाल
नेत्रपाल