डॉक्टरों के संगठन ने बंगाल के मुख्य सचिव से रिकॉर्ड सुरक्षित रखने का आग्रह किया

Ads

डॉक्टरों के संगठन ने बंगाल के मुख्य सचिव से रिकॉर्ड सुरक्षित रखने का आग्रह किया

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 07:20 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 07:20 PM IST

कोलकाता, पांच मई (भाषा) डॉक्टरों के एक संगठन ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव दुष्यंत नारियाला को पत्र लिखकर विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की करारी हार के बाद सरकारी कार्यालयों में आधिकारिक रिकॉर्ड की सुरक्षा और फाइलों में किसी भी तरह की छेड़छाड़ को रोकने के लिए तत्काल उपाय करने का आग्रह किया।

पत्र में पश्चिम बंगाल के डॉक्टरों के संयुक्त मंच ने कहा कि उन्हें प्रेस के माध्यम से पता चला है कि राज्य सरकार के कार्यालयों में प्रवेश करने और बाहर निकलने वाले प्रत्येक व्यक्ति की तलाशी लेने के निर्देश जारी किए गए हैं।

सभी दस्तावेजों और सामग्रियों को उनकी मूल स्थिति में संरक्षित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए, पत्र में आरोप लगाया गया कि वर्षों से सार्वजनिक स्वास्थ्य क्षेत्र के कई संस्थान ‘‘भ्रष्टाचार और कुप्रशासन के केंद्र बन गए हैं।’’

पत्र में कहा गया है, ‘‘इन कार्यालयों के भीतर प्रत्येक दस्तावेज को संरक्षित करना अत्यंत आवश्यक है।’’ संगठन ने यह सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने का आह्वान किया कि कथित तौर पर कदाचार में शामिल किसी भी अधिकारी को रिकॉर्ड को हटाने या उसमें छेड़छाड़ करने का अवसर न मिले।

इस मंच ने मुख्य सचिव से सुशासन के हित में सक्रिय कदम उठाने की अपील भी की। पत्र पर मंच के संयुक्त संयोजक डॉ. पुण्यब्रत गुण और डॉ. हीरालाल कोनार ने हस्ताक्षर किए।

आर जी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में डॉक्टर के साथ हुए बलात्कार और हत्या के मामले में विरोध प्रदर्शनों में यह मंच अग्रणी रहा है।

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश