द्वारका में कुत्तों का आश्रय गृह नवंबर 2026 तक तैयार हो जाएगा: एमसीडी अधिकारी
द्वारका में कुत्तों का आश्रय गृह नवंबर 2026 तक तैयार हो जाएगा: एमसीडी अधिकारी
नयी दिल्ली, 13 जून (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के द्वारका सेक्टर-29 में दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) द्वारा बनाये जा रहे ‘श्वान आश्रय गृह’ के इस साल नवंबर तक तैयार हो जाने की उम्मीद है, जिसमें कम से कम 1500 कुत्तों को रखा जा सकेगा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि एमसीडी ऐसे और आश्रय गृह बनाने के लिए दूसरी जगहों को भी चिह्नित किया जा रहा है।
दिल्ली सचिवालय में शुक्रवार को आयोजित एक बैठक के दौरान परियोजनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। इस बैठक में नगर निगम, दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), पशुपालन विभाग और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों ने भाग लिया। यह बैठक आवारा कुत्तों के प्रबंधन संबंधी उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन का आकलन करने के लिए की गई थी।
निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हमने उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के पालन की स्थिति और अलग-अलग बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। द्वारका में कुत्तों के लिए आश्रय गृह अभी बन रहा है; इसमें लगभग 1,500 कुत्तों के रहने की जगह होगी और इसके इस साल नवंबर तक पूरा होने की उम्मीद है।’’
अधिकारी ने कहा, ‘बेला रोड पर ‘डॉग शेल्टर’ बनाने के लिए जगह चिह्नित की गई है, जबकि विभाग और ‘श्वान आश्रय गृह’ बनाने के लिए पशुपालन विभाग के तहत सरकारी पशु चिकित्सालय और औषधालय में अतिरिक्त जमीन चिह्नित करने की प्रक्रिया में है।’
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश

Facebook


