नोएडा में घरेलू सहायिका ने फंदा लगाकर दी जान, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

नोएडा में घरेलू सहायिका ने फंदा लगाकर दी जान, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

नोएडा में घरेलू सहायिका ने फंदा लगाकर दी जान, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
Modified Date: August 9, 2026 / 10:37 pm IST
Published Date: August 9, 2026 10:37 pm IST

नोएडा, नौ अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के नोएडा में थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के सेक्टर-51 में एक बैंक मैनेजर के घर काम करने वाली 18 वर्षीय घरेलू सहायिका ने कथित रूप से पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

रविवार को मृतका के परिजनों और अन्य घरेलू सहायिकाओं ने हत्या का आरोप लगाते हुए थाना सेक्टर-49 पर पहुंचकर हंगामा किया। पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया और वापस भेज दिया।

थाना सेक्टर-49 के प्रभारी निरीक्षक राम प्रकाश शर्मा ने बताया कि सेक्टर-51 के ई-ब्लॉक में रहने वाले बैंक प्रबंधक तरुण बाबा के घर पर बिहार के कटिहार जिले के सिरकौल गांव निवासी उमा और उनकी बेटी रूबी घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थीं।

उन्होंने बताया कि शनिवार रात काम खत्म करने के बाद रूबी घर की चौथी मंजिल पर गई, जहां उसने पंखे से फंदा लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं।

उन्होंने बताया कि रविवार को मृतका के परिजन और अन्य घरेलू सहायिकाएं पहले घटनास्थल पर पहुंचे और बाद में थाना सेक्टर-49 पहुंचकर हंगामा किया। उनका आरोप है कि युवती की हत्या कर शव को पंखे से लटका दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह आत्महत्या का मामला है या हत्या का।

भाषा

सं, रवि कांत


लेखक के बारे में