नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) भारत में इजरायल के राजदूत रूवेन अजार ने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की मौत की अफवाहों को सोमवार को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नेतन्याहू जीवित हैं।’’
अजार ने दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि इजराइल के एक कैफे में नेतन्याहू के दौरे का वीडियो ‘‘एआई द्वारा निर्मित’’ नहीं था, और इस दावे को ‘‘भ्रामक सूचना’ करार देते हुए खारिज कर दिया।
भारत में इजराइल के शीर्ष राजनयिक का यह खंडन सोशल मीडिया पर कई पोस्ट के मद्देनजर आया है, जिनमें दावा किया गया है कि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के दौरान नेतन्याहू को जानलेवा चोटें आई हैं। यह संघर्ष सोमवार को 17वें दिन में प्रवेश कर गया।
अजार ने इजराइल द्वारा ईरान के खिलाफ शुरू ‘ऑपरेशन रोरिंग लायन’ की जानकारी देने के लिए संवाददाता सम्मेलन बुलाया था। इस दौरान उनसे पूछा गया कि क्या इस संघर्ष में नेतन्याहू को कोई नुकसान पहुंचा है।
इजराइली राजदूत ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नेतन्याहू जीवित हैं। जब मैं इजराइल में था, तो मैंने उन्हें एक से अधिक बार देखा। कैफे वाला वीडियो एआई निर्मित नहीं है। बहुत सारी गलत सूचना फैलाई जा रही है।’’
उन्होंने ईरान और उसके ‘‘सहयोगियों’’ पर गलत सूचना फैलाने का भी आरोप लगाया।
अजार ने संवाददाता सम्मेलन से इतर ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा, ‘‘देखिए, यह ईरानियों और उनके सहयोगियों द्वारा फैलाई जा रही दुष्प्रचार की रणनीति है। हमारे प्रधानमंत्री बिल्कुल स्वस्थ हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इजराइल यात्रा के बाद मैंने उनसे व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की। वे पूरी तरह से ठीक हैं। उन्होंने कल इजराइल के एक कैफे में जाकर एक वीडियो में यह साबित किया। इसलिए चिंता न करें, वह ठीक हैं।’’
नेतन्याहू ने रविवार को सोशल मीडिया पर उनकी मृत्यु के बारे में फैली व्यापक खबरों का मखौल उड़ाया। उन्होंने एक वीडियो जारी किया, जिसमें वह सड़क किनारे एक छोटे से बाजार में कॉफी ऑर्डर करते हुए दिख रहे हैं।
करीब एक सप्ताह से नेतन्याहू के सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं देने की वजह से उनके स्वास्थ्य को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं।
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप