टैक्सी के अंदर मृत मिला चालक
टैक्सी के अंदर मृत मिला चालक
नोएडा (उप्र), चार जून (भाषा) नोएडा में सेक्टर 39 थानाक्षेत्र के सेक्टर-37 में बृहस्पतिवार को एक टैक्सी में चालक मृत पड़ा मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि मृतक की पहचान उपेंद्र कुमार के रूप में हुई है जो मूल रूप से झारखंड गिरिडीह के पचमना गांव का रहने वाला था।
थाना प्रभारी निरीक्षक डी पी शुक्ल ने बताया कि सेक्टर-37 में उपेंद्र हरिजन बस्ती में रहता था तथा बुधवार रात को टैक्सी चलाकर आया एवं पोस्ट ऑफिस के पास टैक्सी खड़ी कर उसमें शराब पी और उसी में सो गया ।
शुक्ल के अनुसार बृहस्पतिवार को जब उसके रिश्तेदार ढूंढ़ते हुए टैक्सी के पास पहुंचे तब उन्होंने देखा कि टैक्सी अंदर से बंद है तथा पास में ग्लास और शराब की बोतल पड़ी है।
थाना प्रभारी के अनुसार टैक्सी में उपेंद्र बेहोश था और यह सूचना मिलने पुलिस ने शीशा तोड़कर टैक्सी को खोला एवं उपेंद्र को अस्पताल पहुंचाया ।
पुलिस के अनुसार चिकित्सकों ने उपेंद्र को मृत घोषित कर दिया ।
पुलिस के अनुसार शव पोस्टमार्टम को ले जाया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही कारण का पता चलेगा।
उन्होंने बताया कि अगर परिजन किसी के खिलाफ कोई शिकायत करते हैं तो पुलिस मामले की जांच करेगी।
भाषा सं राजकुमार
राजकुमार

Facebook


