नयी दिल्ली, 22 अगस्त (भाषा) दिल्ली में लगभग 1,000 रुपये का किराया देने से इनकार करने पर एक वैन के अंदर झगड़ा होने के बाद चालक ने यात्री को ईंटों और मिट्टी के बर्तन जैसी चीज से पीटकर हत्या कर दी और शव को नारायणा इलाके में सड़क किनारे फेंक दिया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी के अनुसार, पूछताछ में आरोपी राजिंदर कुमार उर्फ अन्नू (59) ने बताया कि उसने 17 अगस्त को हरियाणा के गुरुग्राम स्थित इफको चौक से यात्री को अपनी वैन में बैठाया था। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान कथित तौर पर 1,000 रुपये के किराये के भुगतान को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
पुलिस ने बताया कि यात्री ने कथित तौर पर किराया देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पश्चिमी दिल्ली में वाहन के अंदर ही दोनों के बीच झगड़ा हो गया।
पुलिस के मुताबिक, राजिंदर ने कथित तौर पर ईंटों और मिट्टी के बर्तन जैसी वस्तु से यात्री पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद उसने शव को ठिकाने लगाने के लिए अपनी पत्नी कामिनी मखीजा (50) और बेटे लक्ष्य मखीजा (28) को बुलाया।
अधिकारी ने बताया कि दोनों ने कथित तौर पर मृतक के कपड़े छिपाने और अपराध में इस्तेमाल वाहन को ठिकाने लगाने में उसकी मदद की। तीनों को शुक्रवार रात गिरफ्तार कर लिया गया।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस को इस घटना के बारे में तब पता चला, जब पीसीआर ने नारायणा थाने को नारायणा विहार इलाके में एक शव मिलने की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पाया कि लगभग 35 साल का एक अज्ञात व्यक्ति सरकारी स्कूल की दीवार के पास फुटपाथ पर नग्न और खून से लथपथ पड़ा था।
पुलिस की अपराध टीम और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी और घटनास्थल पर कोई प्रत्यक्षदर्शी भी नहीं मिला था। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगालना शुरू किया।
अधिकारी ने बताया, ‘पुलिस टीम ने करीब 500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और घटना के समय इलाके में संदिग्ध तरीके से घूम रही एक मारुति ईको गाड़ी दिखाई दी। शुरुआत में वाहन का पंजीकरण नंबर स्पष्ट नहीं था, इसलिए कई कैमरों की मदद से वाहन की आवाजाही का पता लगाया गया और घटना से पहले तथा बाद के उसके रास्ते को खंगाला गया।’
आखिरकार पुलिस ने गाड़ी की पहचान मारुति ईको के तौर पर की और उसके मालिक, नारायणा गांव के रहने वाले कुमार का पता लगाकर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने कुमार की पत्नी कामिनी के बताए अनुसार वैन बरामद की, जबकि मृतक के बेटे लक्ष्य से मिली जानकारी के आधार पर मृतक के कपड़े और जूते बरामद किए।
पुलिस ने बाद में इस वाहन की पहचान मारुति ईको के रूप में की और नारायणा गांव निवासी इसके मालिक राजिंदर कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि कामिनी की निशानदेही पर वैन बरामद की गई, जबकि बेटे लक्ष्य की जानकारी के आधार पर मृतक के कपड़े और जूते बरामद किए गए।
अधिकारी ने बताया कि अभी तक मृतक की पहचान स्थापित नहीं हो सकी है और मामले की आगे की जांच जारी है।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप