जम्मू में मादक पदार्थ तस्कर का मकान ध्वस्त किया गया

जम्मू में मादक पदार्थ तस्कर का मकान ध्वस्त किया गया

जम्मू में मादक पदार्थ तस्कर का मकान ध्वस्त किया गया
Modified Date: April 18, 2026 / 04:57 pm IST
Published Date: April 18, 2026 4:57 pm IST

जम्मू, 18 अप्रैल (भाषा) जम्मू के स्थानीय प्रशासन ने मादक पदार्थों के खिलाफ जारी अपनी कार्रवाई के तहत एक कथित मादक पदार्थ तस्कर के मकान को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि बुलडोजर की मदद से शम्सदीन उर्फ ​​पप्पी की बेलिचराना स्थित मकान को ध्वस्त किया गया और इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा 11 अप्रैल को मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने और इसमें शामिल लोगों के वित्तीय नेटवर्क को नष्ट करने के लिए शुरू किए गए 100 दिवसीय ‘नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान’ का हिस्सा थी।

स्थानीय तहसीलदार ने पत्रकारों को बताया, ‘‘शम्सदीन को स्थानीय लोग पप्पी के नाम से जानते हैं। वह फिलहाल जेल में बंद है और मादक पदार्थों से संबंधित गतिविधियों में संलिप्त था और अपराध से अर्जित संपत्ति को ध्वस्त कर दिया गया है।’’

उन्होंने बताया कि शम्सदीन सीमावर्ती क्षेत्र आरएस पुरा का रहने वाला है और उसने बेलिचराना में मकान बनाया था।

अधिकारियों के अनुसार, पिछले एक साल में जम्मू क्षेत्र में 150 से अधिक मादक पदार्थों के तस्करों की संपत्तियों को या तो जब्त कर लिया गया है या ध्वस्त कर दिया गया है।

उपराज्यपाल सिन्हा ने सोमवार को पुलिस को प्रत्येक पुलिस थाने में शीर्ष मादक पदार्थ तस्करों की सूची तैयार करने और 30 दिनों के भीतर उनके गिरोह को खत्म करने के लिए कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि प्रशासन तस्करों और गिरोहों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू करेगा, जिसमें पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड और हथियार लाइसेंस रद्द करना शामिल है।

भाषा तान्या धीरज

धीरज


लेखक के बारे में