नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) पुलिस ने दक्षिण दिल्ली में सक्रिय एक मादक पदार्थ आपूर्ति गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एमडीएमए (एक सिंथेटिक नशीला पदार्थ) की तस्करी में शामिल दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से ‘एक्स्टसी’ की 29 गोलियां समेत 19.15 ग्राम एमडीएमए बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि अपराध शाखा की एक टीम ने 12 अप्रैल की रात को छतरपुर के हरगोविंद एन्क्लेव इलाके में छापा मारा था।
अधिकारी के मुताबिक, टीम ने एक टैक्सी को रोका था, जिसके चालक दीपक कुमार (37) के पास से ‘एक्स्टसी’ की 25 गोलियां और 14.95 ग्राम एमडीएमए बरामद होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया था।
अधिकारी के अनुसार, पूछताछ में दीपक ने पुलिस को बताया कि वह एक आपूर्तिकर्ता के लिए मादक पदार्थ लाता-ले जाता था। उन्होंने बताया कि दीपक से मिली जानकारी के आधार पर कथित आपूर्तिकर्ता मोहम्मद फरहान (33) को गिरफ्तार कर लिया गया, जो साकेत का रहने वाला है।
अधिकारी ने बताया कि फरहान के किराये के आवास की तलाशी में और एमडीएमए बरामद हुआ। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है।
भाषा नोमान पारुल
पारुल