(अनिल भट्ट)
जम्मू, 26 जून (भाषा) ‘नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान’ के तहत सिर्फ 76 दिनों में नशीले पदार्थों से जुड़े 1,527 मामलों में 1,700 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
‘नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान’ केंद्र शासित प्रदेश में मादक पदार्थ तस्करी और ‘मादक पदार्थ की तस्करी और आतंकवाद के बीच गठजोड़’ के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत अब तक मादक पदार्थों की जब्ती और 280 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की संपत्तियों को कुर्क करने और ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई है।
यह अभियान 11 अप्रैल को शुरू किया गया जिसके तहत प्रवर्तन, जन-भागीदारी और जागरूकता को मिलाकर बनाई गई बहु-आयामी रणनीति के जरिये पूरे केंद्र शासित प्रदेश में मादक पदार्थ तस्करी और ‘मादक पदार्थ की तस्करी और आतंकवाद के बीच गठजोड़’ को निशाना बनाया गया है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पुलिस ने स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के प्रावधानों के तहत 1,527 प्राथमिकी दर्ज की हैं और इस कार्रवाई के दौरान 1,731 अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने 362 किलोग्राम नशीले पदार्थ जब्त किए, जिनमें 17 किलोग्राम हेरोइन शामिल है, साथ ही 26,308 नशीली गोलियां भी बरामद कीं। अधिकारियों ने जब्त किए गए नशीले पदार्थों की कीमत 150 करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी है।
इस अभियान के तहत मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े 108 अपराधियों को एनडीपीएस अधिनियम के तहत हिरासत में लिया गया।
अधिकारियों ने 108.97 करोड़ रुपये की 147 अचल संपत्तियों को जब्त किया और 23.05 करोड़ रुपये की कीमत की 68 संपत्तियों को ढहा दिया।
भाषा संतोष नरेश
नरेश