उप्र में नेपाल सीमा के पास एक करोड़ रुपये मूल्य की नशीली गोलियां बरामद, तीन लोग गिरफ्तार

Ads

उप्र में नेपाल सीमा के पास एक करोड़ रुपये मूल्य की नशीली गोलियां बरामद, तीन लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 7, 2026 / 06:34 PM IST,
    Updated On - May 7, 2026 / 06:34 PM IST

महाराजगंज (उप्र), सात मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के महाराजगंज में भारत-नेपाल सीमा पर तीन कथित अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया गया और लगभग एक करोड़ रुपये मूल्य की प्रतिबंधित नशीली गोलियां जब्त की गईं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने कहा कि गिरफ्तारियां श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के पास बुधवार देर रात एक सूचना के आधार पर की गई।

अधिकारियों के अनुसार, पुलिस ने 6,240 ‘ट्रामालैब’, 4,380 ‘एन्जोमैक’ और 3,750 ‘अल्ट्रापार नियो’ टैबलेट और एक वाहन भी बरामद किया, जिसका कथित तौर पर परिवहन के लिए उपयोग किया गया था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राम समुश केवट (40), नवीन कुमार गौतम (28), और संदीप कुमार (32) के रूप में हुई। सभी गोरखपुर जिले के निवासी हैं।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे प्रतिबंधित पदार्थ अन्य राज्यों से पार्सल सेवा के माध्यम से मंगवाते थे।

एसपी ने कहा, ‘आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पार्सलों के जरिए अन्य राज्यों से मादक पदार्थ मंगवाए। उन्हें व्यापक नेटवर्क का पता लगाने के लिए हिरासत में लिया जाएगा।’

पुलिस ने कहा कि तीनों आरोपी पिछले तीन महीने से क्षेत्र में सक्रिय थे और प्रतिबंधित गोलियों को ले जाने के लिए किराए की गाड़ियां इस्तेमाल करते थे।

प्रारंभिक पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने कथित रूप से खुलासा किया कि वे पहले मेडिकल प्रतिनिधि के रूप में काम कर चुके थे और अपनी पेशेवर पृष्ठभूमि का इस्तेमाल तस्करी से जुड़ी गतिविधियों के लिए ढाल के रूप में करते थे।

भाषा सं जफर जोहेब

जोहेब

जोहेब