फरीदाबाद के मकान से 15 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त, तीन विदेशी नागरिक गिरफ्तार
फरीदाबाद के मकान से 15 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त, तीन विदेशी नागरिक गिरफ्तार
फरीदाबाद, 16 सितंबर (भाषा) फरीदाबाद की एनआईटी अपराध शाखा और दिल्ली स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) की संयुक्त टीम ने लक्कड़पुर क्षेत्र में छापेमारी कर तीन विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया और उनके पास से करीब 15 करोड़ रुपये मूल्य की कोकीन व अन्य मादक पदार्थ जब्त किए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मौके पर विभिन्न अफ़्रीकी देशों के 10 अन्य नागरिक भी रह रहे थे, जो अपने वहां ठहरने के संबंध में ‘संतोषजनक जवाब’ नहीं दे सके। उनके दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, एनआईटी अपराध शाखा को सूचना मिली थी कि लक्कड़पुर इलाके में कुछ विदेशी नागरिकों के पास मादक पदार्थ मौजूद हैं।
एनआईटी अपराध शाखा के निरीक्षक अनिल छिल्लर के नेतृत्व में एक टीम और दिल्ली एनसीबी की टीम ने मंगलवार रात तलाशी वारंट के साथ लक्कड़पुर स्थित शिव दुर्गा विहार के मकान संख्या 16 की दूसरी मंजिल पर गहन तलाशी ली।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुए, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 15 करोड़ रुपये आंकी गई है।
भाषा सुमित पारुल
पारुल

Facebook


