अरब सागर में पाक नौसेना के पोत की भारतीय जहाज से टक्कर पर पाक दूतावास प्रभारी तलब
अरब सागर में पाक नौसेना के पोत की भारतीय जहाज से टक्कर पर पाक दूतावास प्रभारी तलब
नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) अरब सागर में पाकिस्तानी नौसेना के एक पोत द्वारा भारतीय नौसेना के एक अग्रिम पंक्ति के युद्धपोत को टक्कर मारने के ‘‘अस्वीकार्य आचरण’’ को लेकर भारत ने पाकिस्तान के दूतावास प्रभारी को बुधवार को तलब कर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि पाकिस्तान उच्चायोग के प्रभारी साद वाराइच को विदेश मंत्रालय में तलब किया गया और समुद्र में पाकिस्तानी नौसेना की इकाइयों के उस ‘‘अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर आचरण’’ को लेकर उनके समक्ष ‘‘कड़ा विरोध’’ दर्ज कराया गया, जिसके कारण यह टक्कर हुई।
यह घटना मंगलवार रात को हुई।
वहीं, पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने देर शाम जारी एक बयान में कहा कि उसने इस्लामाबाद में भारत के दूतावास प्रभारी को तलब किया और पाकिस्तान के विशेष आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड) में भारतीय नौसेना के एक पोत की कथित ‘‘बेहद उकसावे वाली और अस्वीकार्य कार्रवाई’’ को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, 15 सितंबर की शाम को पाकिस्तानी नौसेना का एक पोत तेज गति से उत्तरी अरब सागर में नियमित निगरानी मिशन पर तैनात भारतीय नौसेना के एक अग्रिम पंक्ति के युद्धपोत के करीब आ गया।
सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी पोत ‘हुनैन’ ने गैर-पेशेवर और असुरक्षित तरीके से दिशा बदली, जिसके कारण टक्कर हो गई। ‘हुनैन’ को भारी नुकसान हुआ है।
वहीं, पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने आरोप लगाया कि जब पाकिस्तानी नौसेना अपना द्विवार्षिक अभ्यास ‘सीस्पार्क-26’ कर रही थी, तब भारतीय पोत ने पाकिस्तानी नौसेना के जहाज के बेहद करीब आकर ‘‘आक्रामक तरीके से दिशा बदली, जिसके परिणामस्वरूप दोनों पोतों के बीच टक्कर हो गई।’’
भाषा प्रचेता गोला
गोला

Facebook


