मिजोरम में सात दिन में 25 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त, तीन गिरफ्तार

Ads

मिजोरम में सात दिन में 25 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त, तीन गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 2, 2026 / 11:18 AM IST,
    Updated On - April 2, 2026 / 11:18 AM IST

आइजोल, दो अप्रैल (भाषा) मिजोरम पुलिस ने पिछले सप्ताह कई तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया और राज्य के विभिन्न स्थानों से 25.01 करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ, विशेष रूप से हेरोइन और मेथम्फेटामाइन जब्त की हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय) एच रामथलेंग्लियाना ने बताया कि 25 मार्च से 31 मार्च तक चलाए गए इस अभियान के दौरान म्यांमा के दो नागरिकों, मणिपुर के चार और असम के एक नागरिक सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया।

प्रमुख अभियान 25 मार्च की सुबह हुआ, जब सीआईडी ​​(विशेष शाखा) के अभियान दल ने आइजोल के पास तुइरियल ब्रिज पर एक ट्रक को रोका।

बुधवार को जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि सैतुअल जिले के सेइलिंग से आइजोल की ओर आ रहे एक ट्रक की गहन तलाशी में 19.836 किलोग्राम मेथम्फेटामाइन (याबा) की गोलियां बरामद हुईं, जिनकी कीमत 15.86 करोड़ रुपये है।

पुलिस ने अमेरिका निर्मित एक पिस्तौल, दो मैगज़ीन और 40 कारतूस भी बरामद किए।

उन्होंने बताया कि भारत-म्यांमा सीमा पर स्थित पूर्वी मिजोरम के चम्फाई जिले के निवासी 23 वर्षीय चालक को हिरासत में लिया गया है।

रामथलेंग्लियाना ने कहा कि 27 मार्च से 29 मार्च के बीच सैतुअल जिले के कीफांग के पास तीन अभियानों में, पुलिस दलों ने तीन वाहनों को रोका, जिससे कुल 8.93 करोड़ रुपये मूल्य की 4.46 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई।

कीफांग में मणिपुर के चार और असम के एक निवासी को गिरफ्तार किया गया।

आईजोल के जेम्बॉक इलाके में 31 मार्च को चलाए गए अभियान में म्यामां के दो नागरिक पकड़े गए जिनके पास से 20.4 लाख रुपये मूल्य की 104 ग्रामी हेरोइन मिली।

भाषा शोभना मनीषा

मनीषा

शीर्ष 5 समाचार