असम में 327 करोड़ रु मूल्य के मादक पदार्थ जब्त, एक व्यक्ति गिरफ्तार

असम में 327 करोड़ रु मूल्य के मादक पदार्थ जब्त, एक व्यक्ति गिरफ्तार

असम में 327 करोड़ रु मूल्य के मादक पदार्थ जब्त, एक व्यक्ति गिरफ्तार
Modified Date: September 16, 2026 / 08:17 pm IST
Published Date: September 16, 2026 8:17 pm IST

गुवाहाटी, 16 सितंबर (भाषा) असम के हैलाकांडी जिले में 327 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए और इस सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि यह राज्य में अब तक मादक पदार्थों की की सबसे बड़ी बरामदगी है।

अधिकारियों के अनुसार, असम राइफल्स और राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) को इस संबंध में मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर मिजोरम की सीमा से सटे रामनाथपुर इलाके में मंगलवार रात एक अभियान चलाया गया, जिसमें याबा की 109.2 किलोग्राम गोलियां जब्त की गईं।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत याबा की गोलियों से भरे 546 पैकेट बरामद किए गए हैं जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 327 करोड़ रुपये है।

अधिकारियों ने बताया कि इसके साथ ही मादक पदार्थों की तस्करी में इस्तेमाल हो रहे दो ट्रक, एक मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड और एक ‘ड्राइविंग लाइसेंस’ भी जब्त किया गया है।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार गिरफ्तार आरोपी और जब्त की गई सभी सामग्री को कानूनी कार्रवाई और विस्तृत जांच के लिए सिलचर स्थित डीआरआई को सौंप दिया गया है।

यह हाल ही में बराक घाटी में जब्त की गई याबा गोलियों की दूसरी बड़ी खेप है। सुरक्षाकर्मियों ने 27 अगस्त को मणिपुर की सीमा से सटे कछार जिले के लखीपुर इलाके में 168 करोड़ रुपये मूल्य की याबा गोलियां बरामद की थी।

सुरक्षाकर्मियों ने लगभग 60 किलोग्राम वजन की 5.60 लाख याबा की गोलियां जब्त कीं। इस सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।

यह मादक पदार्थ (याबा) देश में अवैध है, क्योंकि इसमें मेथमफेटामीन और कैफीन होता है। मेथमफेटामीन को स्वापक औषधि और मनः प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत अनुसूची-दो में रखा गया है।

भाषा

प्रचेता नरेश

नरेश


लेखक के बारे में