मोदी के जन्मदिन पर बाइक रैली को हरी झंडी दिखाने के कार्यक्रम में शामिल होंगे नायडू, शिंदे
मोदी के जन्मदिन पर बाइक रैली को हरी झंडी दिखाने के कार्यक्रम में शामिल होंगे नायडू, शिंदे
नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन और निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू बृहस्पतिवार को वाराणसी में और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे वडनगर में बाइक रैली को हरी दिखाकर रवाना किए जाने से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की घटक तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के अध्यक्ष नायडू जहां रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान के साथ वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। वहीं, शिंदे गुजरात में मोदी के जन्मस्थान वडनगर में बाइक रैली को हरी झंडी दिखाए जाने के दौरान मौजूद रहेंगे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मोदी के जन्मदिन को एक महीने तक चलने वाले जन-संपर्क अभियान की शुरुआत के तौर पर मनाना चाहती है। वाराणसी और वडनगर से रवाना होने वाली बाइक रैलियां इस अभियान का हिस्सा हैं।
मोदी सात अक्टूबर 2001 से 22 मई 2014 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद संभाला। वह पहली बार 2014 में वाराणसी से लोकसभा सदस्य चुने गए थे। उन्होंने 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में भी यह सीट बरकरार रखी।
वाराणसी से वडनगर तक ‘सेवा संकल्प’ बाइक रैली को उसी समय हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा, जब गुजरात के वडनगर से उत्तर प्रदेश के वाराणसी की ओर निकलने वाली दूसरी ‘सेवा संकल्प’ बाइक रैली शुरू होगी।
दोनों रैली 17 सितंबर को मोदी के जन्मदिन के मौके पर शुरू होंगी और सात अक्टूबर को समाप्त होंगी। यह वही तारीख है, जब मोदी ने 2001 में पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था।
वडनगर में ‘सेवा संकल्प’ बाइक रैली की शुरुआत से जुड़े कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी शामिल होंगे।
आयोजकों के मुताबिक, दोनों बाइक रैली 10 राज्यों के 193 जिलों और लगभग 1,159 गांवों से गुजरते हुए करीब 40,000 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी। उन्होंने कहा कि इन रैलियों में लगभग 1,000 युवाओं के हिस्सा लेने की उम्मीद है।
बाइक रैली के मार्ग पर स्वच्छता, वृक्षारोपण, पानी बचाने और नशा-मुक्त, टीबी-मुक्त तथा प्लास्टिक-मुक्त भारत संबंधी अभियान चलाए जाएंगे।
तेदेपा प्रमुख नायडू बाइक रैली की शुरुआत से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होने से पहले काशी विश्वनाथ मंदिर जाएंगे।
इसके अलावा, देशभर में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों के तहत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उज्जैन के राम घाट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाएंगे।
भाजपा ने लोगों से अपील की है कि वे मोदी के सार्वजनिक जीवन में बिताए गए समय के प्रति आभार जताने के लिए शाम को अपने घरों में दीये जलाएं।
भाजपा मोदी के जन्मदिन को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाएगी, जिसके तहत देशभर में रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
पार्टी इस अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू करेगी, जो 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत लोगों को कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देने वाली प्रदर्शनियां, संगोष्ठियां और खास तौर पर युवाओं पर लक्षित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाषा पारुल पवनेश
पवनेश

Facebook


