हल्द्वानी, 29 जून (भाषा) उत्तराखंड में नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर में कथित रूप से नशे में धुत एक व्यक्ति ने तेज रफ्तार कार चलाते हुए एक के बाद एक चार राहगीरों को टक्कर मारकर घायल कर दिया जिनमें से एक महिला की हालत गंभीर है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
घटना से गुस्साए लोगों ने कार चालक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में लेते हुए उसकी कार को जब्त कर लिया।
घटना रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे हुई।
पुलिस के अनुसार, मुखानी क्षेत्र का रहने वाला पंकज (45) कथित रूप से शराब के नशे में तेज रफ्तार से कार चलाते हुए ऊंचापुल की ओर से कालाढूंगी रोड होते हुए शहर की तरफ आ रहा था और इसी दौरान मुखानी चौराहे से कालाढूंगी चौराहे के बीच उसने सड़क किनारे पैदल चल रहे तीन लोगों को टक्कर मार दी जिससे वे घायल हो गए।
इसके बाद, कार चालक जेल रोड तिराहे से आगे कालू सिद्ध बाबा मंदिर की तरफ पहुंचा जहां उसने सड़क किनारे जा रही एक अन्य महिला को भी जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला कई फीट दूर जा गिरी। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया जहां उसका उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
इस बीच, महिला को टक्कर मारने के बाद कार बिजली के खंभे से टकराकर रुक गई। मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने चालक को कार से बाहर निकालकर उसकी पिटाई कर दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह चालक को भीड़ से बचाकर कोतवाली ले गई।
कोतवाली प्रभारी विजय मेहता ने बताया कि चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है ।
भाषा सं दीप्ति
वैभव
वैभव