करीमनगर (तेलंगाना), 23 जुलाई (भाषा) तेलंगाना के जगतियाल जिले में कथित रूप से शराब के नशे में राज्य परिवहन निगम (टीजीएसआरटीसी) की बस चुराकर करीब 15 किलोमीटर तक चलाने वाले 39 वर्षीय व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ लिया और गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान धर्मपुरी मंडल के नागाराम गांव निवासी के सांबैया के रूप में हुई है। वह मंगलवार को निर्धारित चालक के ड्यूटी पर पहुंचने से पहले कोरुटला बस स्टेशन से टीजीएसआरटीसी की बस लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि सांबैया बस को निजामाबाद की ओर ले गया। वह कथित रूप से शराब के नशे में था और लापरवाही से बस चला रहा था, जिससे अन्य वाहन चालकों की जान जोखिम में पड़ गई। इस दौरान बस की टक्कर से कुछ मोटरसाइकिल सवार मामूली रूप से घायल हो गए।
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में पुलिस की गाड़ियां बस का पीछा करती हुई दिखाई दे रही हैं।
वीडियो में बस एक मोटरसाइकिल सवार को भी टक्कर मारती नजर आती है।
डिपो अधिकारियों की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तलाश अभियान शुरू किया और करीब 15 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद बस को रोक लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
भाषा
राखी रंजन
रंजन