नीट परीक्षा में गड़बड़ी के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान आंध्र प्रदेश में बंद रहे कई शैक्षणिक संस्थान

Ads

नीट परीक्षा में गड़बड़ी के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान आंध्र प्रदेश में बंद रहे कई शैक्षणिक संस्थान

  •  
  • Publish Date - July 24, 2026 / 02:45 PM IST,
    Updated On - July 24, 2026 / 02:45 PM IST

अमरावती, 24 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में कथित गड़बड़ी के विरोध में शुक्रवार को वामपंथी छात्र और युवा संगठनों के आह्वान पर आंध्र प्रदेश में कई शैक्षणिक संस्थान बंद रहे।

स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई), ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) और अन्य वामपंथी संगठनों ने नयी दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में बंद का आह्वान किया था।

एसएफआई के प्रदेश सचिव प्रसन्ना कुमार ने दावा किया कि पूरे राज्य में हड़ताल सफल रही। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में छात्रों ने इसमें भाग लिया और एक दिन के लिए शैक्षणिक संस्थान बंद रहे।

प्रसन्ना कुमार ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ‘हमारी एकमात्र मांग है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें। आज केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक हो रही है, इसलिए उसमें उनके इस्तीफे की मांग वाला प्रस्ताव पारित किया जाए या उन्हें पद से हटाया जाए।’

उन्होंने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को भंग करने की भी मांग की। उनका आरोप है कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा की मौजूदा व्यवस्था पर लोगों का भरोसा खत्म हो गया है। उन्होंने केंद्र सरकार से राज्यों को स्वयं परीक्षा आयोजित करने की अनुमति देने की मांग की।

प्रसन्ना कुमार ने आंध्र प्रदेश की तेलुगु देशम पार्टी (तेदपा) नीत राजग सरकार के नेताओं पर इस मुद्दे पर ‘‘चुप रहने’’ का आरोप लगाया।

उन्होंने उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण के इस बयान पर भी आपत्ति जताई कि आंदोलन अपने मूल उद्देश्य से भटक रहा है।

भाषा जोहेब सुभाष

सुभाष