नयी दिल्ली, 24 जुलाई (भाषा) सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने शुक्रवार को कहा कि ऑर्गेनॉन एंड कंपनी के शेयरधारकों ने अमेरिकी कंपनी के 11.75 अरब डॉलर के उद्यम मूल्यांकन पर उसके पहले से घोषित अधिग्रहण प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि शेयरधारकों की मंजूरी प्रस्तावित सौदे को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
कंपनी ने कहा, ‘‘ हालांकि, अधिग्रहण अभी अन्य सामान्य समापन शर्तों के पूरा होने और आवश्यक नियामकीय मंजूरियों पर निर्भर है।’’
सूचना के अनुसार, विलय प्रक्रिया पूरी होने के बाद ऑर्गेनॉन, सन फार्मा की अप्रत्यक्ष पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी सन फार्मास्युटिकल होल्डिंग्स यूएसए इंक की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी बन जाएगी।
सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने इस वर्ष अप्रैल में 11.75 अरब डॉलर के उद्यम मूल्यांकन पर पूरी तरह नकद सौदे के तहत अमेरिका स्थित ऑर्गेनॉन एंड कंपनी के अधिग्रहण के लिए अंतिम समझौते पर हस्ताक्षर करने की घोषणा की थी।
समझौते के तहत सन फार्मा ऑर्गेनॉन के सभी बकाया शेयर 14 डॉलर प्रति शेयर के हिसाब से पूरी तरह नकद सौदे में खरीदेगी।
भाषा निहारिका रमण
रमण