नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) रक्षा सुरक्षा कोर (डीएससी) का 46 वर्षीय कर्मी 20 कारतूसों से भरी एक मैगजीन के साथ आया नगर स्थित वायुसेना स्टेशन में अपना ड्यूटी स्थल कथित रूप से छोड़कर चला गया जिसके बाद पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को सूचना देनी पड़ी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
दक्षिण दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अनंत मित्तल ने कहा कि यह घटना मंगलवार को हुई जब वायुसेना स्टेशन पर तैनात एक कांस्टेबल शाम करीब 7.50 बजे अपना ड्यूटी स्थल छोड़कर चला गया।
उन्होंने कहा कि हालांकि वह रात करीब 9.15 बजे भरी हुई मैगजीन अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर जमा करने के लिए लौटा।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला कि वह शराब पीने के बाद जल्दी निकल गया था।
पुलिस ने कहा कि संबंधित अधिकारियों द्वारा उचित कार्रवाई की जा रही है।
भाषा नोमान
संतोष
संतोष