डीयू स्नातक दाखिला : पहले दौर में 81,900 से अधिक उम्मीदवारों ने सीट स्वीकार कीं
डीयू स्नातक दाखिला : पहले दौर में 81,900 से अधिक उम्मीदवारों ने सीट स्वीकार कीं
नयी दिल्ली, 19 जुलाई (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) की साझा सीट आवंटन प्रणाली (सीएसएएस) के पहले दौर में 81,900 से अधिक उम्मीदवारों ने उन्हें आवंटित स्नातक सीट स्वीकार कर ली हैं। डीयू की ओर से रविवार को जारी ताजा आंकड़ों से यह जानकारी मिली है।
आंकड़ों के मुताबिक, 21,500 से अधिक उम्मीदवार शुल्क जमा कर अपना दाखिला पक्का कर चुके हैं।
डीयू ने बताया कि पहले दौर में सीट पाने वाले 93,033 उम्मीदवारों में से रविवार दोपहर दो बजे तक 81,979 ने अपनी आवंटित सीट स्वीकार कर ली, जिससे सीट स्वीकार करने की दर 88.12 फीसदी हो गई।
विश्वविद्यालय के मुताबिक, इनमें से 33,383 उम्मीदवार कॉलेज की ओर से दस्तावेजों के सत्यापन के बाद फीस भुगतान लिंक जारी होने के चरण तक पहुंच चुके हैं, जबकि 21,530 उम्मीदवारों ने निर्धारित फीस जमा कर दाखिले की प्रक्रिया पूरी कर ली है, जो पहले दौर में आवंटित कुल सीट का 23.14 प्रतिशत है।
गत 16 जुलाई को जारी पहली सीट आवंटन सूची में 2026-27 शैक्षणिक सत्र के लिए 67 कॉलेज के 221 स्नातक पाठ्यक्रमों में उपलब्ध 71 हजार से अधिक सीट के मुकाबले 93,033 उम्मीदवारों को सीट आवंटित की गई थीं।
दूसरी सीट आवंटन सूची 25 जुलाई को जारी की जाएगी।
नया शैक्षणिक सत्र 28 जुलाई से शुरू होना है।
भाषा पारुल प्रशांत
प्रशांत

Facebook


