अपना गिरोह बनाने की कोशिश में लगा डीयू का छात्र गिरफ्तार, पिस्तौल एवं कारतूस बरामद

Ads

अपना गिरोह बनाने की कोशिश में लगा डीयू का छात्र गिरफ्तार, पिस्तौल एवं कारतूस बरामद

  •  
  • Publish Date - April 17, 2026 / 04:41 PM IST,
    Updated On - April 17, 2026 / 04:41 PM IST

नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने कथित रूप से अपना गिरोह बनाने की कोशिश में लगे दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के एक छात्र को गिरफ्तार किया है और उसके पास से पिस्तौलें और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान अबू तालिब के तौर पर हुई है, जो इलाके में दबदबा कायम करने के लिए अपना गिरोह बनाने की जुगत में था।

अधिकारी के मुताबिक, पुलिस को मंगलवार को सूचना मिली कि शाहदरा के भोलानाथ नगर निवासी तालिब प्रतिद्वंद्वी गिरोह से बदला देने के लिए अवैध हथियार जमा कर रहा है।

अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पकंज कुमार ने बताया कि इसके बाद एक टीम ने भोलानाथ नगर स्थित परिसर पर छापा मारा और इस दौरान दो पिस्तौल, एक देसी कट्टा, 23 कारतूस, और कारतूस के 11 खोखे बरामद किए हैं।

डीसीपी के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और उसने पूछताछ में बताया कि उसने उत्तर प्रदेश के मेरठ से अवैध हथियार प्राप्त किए थे और इन हथियारों का इस्तेमाल प्रतिद्वंद्वी गिरोहों से बदला लेने के लिए किया जाना था।

कुमार ने बताया कि दिल्ली विश्वविद्यालय की दूरस्थ शिक्षा शाखा से बीए (द्वितीय) की पढ़ाई कर रहे आरोपी के खिलाफ फर्श बाजार थाने में एक आपराधिक मामला दर्ज है।

डीसीपी ने कहा कि हथियार बरामदगी के सिलसिले में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मुख्य आपूर्तिकर्ता का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

भाषा नोमान नोमान सुरेश

सुरेश