म्यांमा में कैदियों को दी गई व्यापक माफी के तहत पूर्व राष्ट्रपति विन म्यिंट जेल से रिहा

Ads

म्यांमा में कैदियों को दी गई व्यापक माफी के तहत पूर्व राष्ट्रपति विन म्यिंट जेल से रिहा

  •  
  • Publish Date - April 17, 2026 / 08:39 PM IST,
    Updated On - April 17, 2026 / 08:39 PM IST

बैंकॉक, 17 अप्रैल (एपी) म्यांमा के पूर्व राष्ट्रपति विन म्यिंट को शुक्रवार को पारंपरिक नव वर्ष के उपलक्ष्य में नव-नियुक्त राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग द्वारा घोषित व्यापक कैदी माफी योजना के तहत जेल से रिहा कर दिया गया। सरकारी मीडिया ने यह जानकारी दी।

माफी योजना 4,500 से अधिक कैदियों पर लागू होती है, लेकिन यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सैन्य शासन का विरोध करने के आरोप में कैद किए गए कितने लोगों को इसमें शामिल किया गया है। इसके अलावा, 80 वर्षीय आंग सान सू ची की रिहाई का भी कोई संकेत नहीं मिला है।

सू ची के लंबे समय से वफादार रहे विन म्यिंट वर्ष 2018 में राष्ट्रपति चुने गए थे। उन्होंने राष्ट्रपति के रूप में काम किया था, जबकि सू ची ने राज्य सलाहकार के रूप में सरकार का नेतृत्व किया था, क्योंकि सेना द्वारा तैयार किए गए संविधान के अनुसार उन्हें राष्ट्रपति पद संभालने की अनुमति नहीं थी।

सूची को एक फरवरी 2021 को गिरफ्तार किया गया था और उसी दिन सेना ने सत्ता पर कब्जा कर लिया था। इसके बाद सू ची को हिरासत में ले लिया गया था। विन म्यिंट को कई अपराधों के लिए कुल 12 साल की जेल की सजा सुनाई गई, जिसे 2023 में घटाकर आठ साल कर दिया गया।

सरकारी एमआरटीवी टेलीविजन ने बताया कि बागो क्षेत्र के ताउंगू कस्बे की जेल में बंद विन म्यिंट को माफी मिल गई है।

सू ची को स्थानांतरित करके नजरबंद किए जाने की संभावना है। सरकारी मीडिया ने बताया कि जिन 4,335 कैदियों को माफी दी गई है, उनमें लगभग 180 विदेशी शामिल हैं, जिन्हें रिहा कर निर्वासित किया जाएगा।

सू ची विभिन्न आपराधिक मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद म्यांमा की राजधानी में एक अज्ञात स्थान पर जेल की सजा काट रही हैं और अप्रैल 2024 में उन्हें कम से कम एक बार घर में नजरबंद किया गया था।

एपी संतोष पारुल

पारुल