तिरुवनंतपुरम, तीन जून (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के विधायक साजी चेरियन ने बुधवार को केरल विधानसभा के अध्यक्ष को बताया कि मौजूदा सत्र के पिछले कुछ दिनों में उनकी उपस्थिति दर्ज नहीं की गई, जबकि वह मौजूद थे।
चेरियन ने कहा कि अन्य विधायकों को भी इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है और सदन में कुछ विधायकों ने इस बात की पुष्टि भी की।
चेंगन्नूर निर्वाचन क्षेत्र के विधायक ने सुझाव दिया कि सदन के बाहर एक डायरी रखी जाये ताकि विधायक उसमें अपनी उपस्थिति दर्ज कर सकें।
इसके बाद अध्यक्ष तिरुवनचूर राधाकृष्णन ने कहा कि प्रणाली में कुछ समस्याएं हैं और इनकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा, ‘‘आवश्यक सुधार करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। यह काम जल्द ही पूरा हो जाएगा। हम रजिस्टर रखने संबंधी चेरियन के सुझाव पर भी विचार करेंगे।’’
भाषा
देवेंद्र पवनेश
पवनेश