कोलकाता, तीन जून (भाषा) तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के विधायक कुणाल घोष ने बुधवार को कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता फिरहाद हकीम कोलकाता के महापौर पद से इस्तीफा देंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में किये गए हकीम के अनुरोध को टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने स्वीकार कर लिया है।
पार्टी के सबसे प्रमुख नेताओं में से एक और बनर्जी के करीबी माने जाने वाले हकीम ने पश्चिम बंगाल में भाजपा के सत्ता में आने के बाद कोलकाता नगर निगम के कामकाज में आ रही कठिनाइयों का हवाला देते हुए महापौर पद से इस्तीफा देने के लिए टीएमसी प्रमुख से अनुमति मांगी थी।
घोष ने पत्रकारों से कहा, ‘‘उस समय उनसे (हकीम से) इस्तीफा न देने के लिए कहा गया था। हालांकि, उन्होंने पद छोड़ने की अनुमति देने का आज फिर से ममता बनर्जी से अनुरोध किया, जिसके बाद वह सहमत हो गईं।’’
यह घटनाक्रम हाल के हफ्तों में तृणमूल कांग्रेस के भीतर बढ़ती अनिश्चितता और कोलकाता नगर निगम (केएमसी) में पार्टी पार्षदों के लगातार इस्तीफे के बीच हुआ है।
हकीम का इस्तीफा ऐसे समय में आया है, जब राज्य में सत्ता गंवाने के बाद टीएमसी संगठन आंतरिक उथल-पुथल से जूझ रहा है।
कोलकाता के महापौर के रूप में हकीम का उत्तराधिकारी कौन होगा, इसकी तत्काल कोई जानकारी सामने नहीं आयी है।
तृणमूल के एक प्रभावशाली अल्पसंख्यक चेहरे हकीम 2018 से कोलकाता के महापौर हैं और उन्होंने ममता बनर्जी नीत पूर्ववर्ती सरकार में कई विभाग भी संभाले हैं।
कोलकाता नगर निगम 2010 से तृणमूल के नियंत्रण में है।
भाषा
राजकुमार सुभाष
सुभाष