मानसून सक्रिय होने के कारण 14 जुलाई तक पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होगी

मानसून सक्रिय होने के कारण 14 जुलाई तक पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होगी

मानसून सक्रिय होने के कारण 14 जुलाई तक पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होगी
Modified Date: July 12, 2026 / 06:59 pm IST
Published Date: July 12, 2026 6:59 pm IST

कोलकाता, 12 जुलाई (भाषा) मानसून सक्रिय होने के कारण 14 जुलाई तक पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

आईएमडी ने एक बुलेटिन में कहा कि पिछले कुछ दिनों से मूसलाधार बारिश की मार झेल रहे राज्य के उप-हिमालयी जिलों में भी 14 जुलाई तक भारी वर्षा जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने दार्जिलिंग और कालिम्पोंग के पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन तथा कूचबिहार, अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी के निचले क्षेत्रों में जलभराव की आशंका जताई है।

विभाग के अनुसार, बांकुड़ा, बीरभूम, पूर्व और पश्चिम बर्धमान, नदिया तथा मुर्शिदाबाद जिलों में 14 जुलाई तक भारी बारिश हो सकती है, जबकि दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

आईएमडी के अनुसार, मुर्शिदाबाद और पूर्व बर्धमान में सोमवार को भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं कोलकाता, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, हावड़ा और हुगली जिलों में भी भारी वर्षा हो सकती है।

आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, रविवार सुबह 8.30 बजे तक बीते 24 घंटों में कूचबिहार जिले के पुंडीबाड़ी में राज्य में सर्वाधिक 89 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

इसके अलावा गंद्रापाड़ा (66 मिमी), हासीमारा (62 मिमी), अलीपुरद्वार (58 मिमी), दार्जिलिंग (38 मिमी), दमदम (38 मिमी) और चेल (35 मिमी) में भी उल्लेखनीय बारिश हुई।

मौसम विभाग ने सोमवार सुबह तक कोलकाता में आसमान में बादल छाए रहने और एक-दो दौर की मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है।

आईएमडी के अनुसार, राज्य के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

हालांकि, 90 प्रतिशत से अधिक सापेक्ष आर्द्रता के कारण लोगों को उमस का सामना करना पड़ा। आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को बीरभूम जिले के सूरी में सापेक्ष आर्द्रता 100 प्रतिशत दर्ज की गई।

भाषा राखी सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में