दुष्यंत चौटाला ने हिसार में काफिले को ‘रोकने’ वाले पुलिस दल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की

Ads

दुष्यंत चौटाला ने हिसार में काफिले को ‘रोकने’ वाले पुलिस दल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की

  •  
  • Publish Date - April 18, 2026 / 09:56 PM IST,
    Updated On - April 18, 2026 / 09:56 PM IST

चंडीगढ़, 18 अप्रैल (भाषा) जननायक जनता पार्टी (जजपा) नेता दुष्यंत चौटाला ने हिसार जिला पुलिस प्रमुख से मिलने जाते समय उनकी कार को रोकने वाले पुलिस दल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की शनिवार को मांग की।

चौटाला ने हिसार के पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन की भी आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि उनकी शिकायत के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

उन्होंने पुलिस अधीक्षक (एसपी) के तबादले की मांग करते हुए गृह सचिव की देखरेख में एक निष्पक्ष जांच की मांग की।

चौटाला ने कहा कि वह बृहस्पतिवार को हिसार के गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय में हुए विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में जजपा से जुड़े छह लोगों की ‘गलत तरीके से गिरफ्तारी’ के संबंध में पुलिस अधीक्षक से मिलने जा रहे थे कि तभी पुलिस के एक दल ने उनके काफिले को रोक लिया।

उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए दावा किया कि गाड़ी से दो लोग उतरे और उनमें से लाल शर्ट पहने एक व्यक्ति के हाथ में हथियार जैसी दिखने वाली कोई वस्तु थी और उसने धमकी दी।

चौटाला ने दावा किया कि लाल शर्ट पहने व्यक्ति निरीक्षक पवन थे।

उन्होंने कहा, “जब मैं अपने वाहन से बाहर निकला और उनके पास पहुंचा, तो वे भाग गए।”

चौटाला ने बताया कि सिटी थाने के पांच पुलिसकर्मी उनका पीछा कर रहे थे। उनका मकसद क्या था? यह अभी स्पष्ट नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘उनका इरादा हमें रोकना नहीं था। उनका इरादा कुछ और था।” जजपा नेता ने चेतावनी दी कि अगर सोमवार तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई तो वे अदालत जाएंगे।

इस बीच, हिसार पुलिस ने दावा किया कि यह टकराव तेज गति से ओवरटेक करने के प्रयास के कारण हुआ।

पुलिस ने बताया कि हिसार अपराध जांच एजेंसी के प्रभारी पुराने सब्जी मंडी रोड से अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के कार्यालय की ओर जा रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, एक काफिला तेज रफ्तार से सायरन बजाते हुए पीछे से आया।

पुलिस ने बताया कि एक वाहन ने पुलिस की गाड़ी को ओवरटेक करने और उसे टक्कर मारने की कोशिश की।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि एक अन्य कार भी पुलिस की गाड़ी के पास से तेजी से गुजरी, जिसमें फ्लैशिंग लाइट लगी थी और टक्कर होते-होते बची।

पुलिस ने बताया कि जब अधिकारी ने स्थिति स्पष्ट करने के लिए गाड़ी रोकी, तो दुष्यंत चौटाला के साथ आए कुछ पार्टी कार्यकर्ता और सुरक्षाकर्मी गाड़ी की ओर दौड़े, खिड़की खोली और उन्हें गाड़ी से बाहर खींचने की कोशिश की।

पुलिस ने दावा किया कि पुलिस अधिकारी के पास कोई हथियार नहीं था और सीआईए स्टाफ के सदस्य राजकुमार के साथ भी हाथापाई की गई।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच पुलिस उपाधीक्षक रैंक के एक अधिकारी द्वारा की जा रही है।

घटना का एक कथित वीडियो जजपा नेता ने बृहस्पतिवार को साझा किया था।

भाषा अमित जितेंद्र

जितेंद्र