डूसू का पुराना कार्यालय ध्वस्त, नए पदाधिकारी प्रेरणा भवन से करेंगे कामकाज

डूसू का पुराना कार्यालय ध्वस्त, नए पदाधिकारी प्रेरणा भवन से करेंगे कामकाज

डूसू का पुराना कार्यालय ध्वस्त, नए पदाधिकारी प्रेरणा भवन से करेंगे कामकाज
Modified Date: August 31, 2026 / 04:58 pm IST
Published Date: August 31, 2026 4:58 pm IST

नयी दिल्ली, 31 अगस्त (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) के नॉर्थ कैंपस स्थित पुराने कार्यालय को ध्वस्त कर दिया गया है। एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि अब डूसू के नवनिर्वाचित पदाधिकारी नवनिर्मित ‘प्रेरणा भवन’ से कामकाज करेंगे।

अधिकारी के अनुसार, नॉर्थ कैंपस में कला संकाय के पास स्थित डूसू का पुराना कार्यालय एक पोर्टा केबिन था, जो एक दशक से अधिक समय से इस्तेमाल में था। इसका ज्यादातर हिस्सा रविवार को हटा दिया गया और बाकी काम सोमवार को पूरा किया जा रहा है।

अधिकारी ने बताया, ‘‘डूसू का पुराना कार्यालय एक तरह का पोर्टा केबिन था, लेकिन यह एक दशक से अधिक समय से काम कर रहा था। डूसू पदाधिकारियों के नए कार्यालय के रूप में प्रेरणा भवन पहले ही आवंटित किया जा चुका था, लेकिन वे वहां स्थानांतरित नहीं हुए थे। डूसू के नए पदाधिकारी अब वहीं बैठेंगे।’’

यह कदम डूसू चुनावों से पहले उठाया गया है। डूसू चुनाव के लिए मतदान 18 सितंबर को और मतगणना 19 सितंबर को होगी।

दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति योगेश सिंह ने 25 मार्च को प्रेरणा भवन का उद्घाटन किया था। रामजस कॉलेज के सामने स्थित सामाजिक विज्ञान संकाय परिसर में बने इस नए छात्र गतिविधि केंद्र को डूसू कार्यालय के लिए निर्धारित किया गया है।

विश्वविद्यालय के अधिकारियों के अनुसार, यह केंद्र छात्रों से जुड़ी गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया गया है और इसमें कई मंजिलों पर विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध हैं।

अधिकारियों ने बताया कि भवन के भूतल पर 50 से अधिक लोगों के बैठने की क्षमता वाला कैफेटेरिया, उपयोगिता दुकान, रसोई और भंडार कक्ष है। भूमिगत तल में जिम और खेल क्षेत्र बनाया गया है, जबकि पहली मंजिल पर 120 लोगों की क्षमता वाला सभागार कक्ष है।

दूसरी मंजिल पर डूसू अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के लिए अलग-अलग कार्यालयों के साथ बैठक कक्ष, पेंट्री और भंडार कक्ष की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि तीसरी मंजिल पर पुस्तकालय और अध्ययन कक्ष बनाया गया है। इसके अलावा प्रत्येक मंजिल पर पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालय की सुविधा उपलब्ध है।

भाषा रवि कांत रवि कांत मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में