डूसू चुनाव: अभाविप, एनएसयूआई, वाम गठबंधन ने कड़े मुकाबले के लिए कमर कसी
डूसू चुनाव: अभाविप, एनएसयूआई, वाम गठबंधन ने कड़े मुकाबले के लिए कमर कसी
नयी दिल्ली, 17 सितंबर (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय में शुक्रवार को होने जा रहे छात्रसंघ चुनाव के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई), ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (आइसा) और स्टूडेंट फेडररेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) जैसे प्रमुख छात्र संगठनों ने कमर कस ली है।
मतदान 18 सितंबर को होगा, जिसमें दिन की कक्षा वाले विद्यार्थी सुबह 8.30 बजे से दोपहर एक बजे तक और संध्या कक्षा वाले विद्यार्थी दोपहर तीन बजे से शाम 7.30 बजे तक मतदान कर सकेंगे। मतगणना 19 सितंबर को उत्तरी परिसर के ‘यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स स्टेडियम’ के बहुद्देश्यीय सभागार में होगी।
छात्रसंघ के चार पदों अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के लिए होने वाले चुनाव में कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है। यह मुकाबला राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, कांग्रेस से संबद्ध एनएसयूआई और आइसा तथा एसएफआई के वाम गठबंधन के बीच होगा।
चुनाव प्रक्रिया से पहले विश्वविद्यालय ने छात्र मार्ग, प्रोबिन रोड और विश्वविद्यालय मार्ग जैसे अहम रास्तों पर गाड़ियों की आवाजाही पर रोक लगा दी है, जबकि छात्र संगठन कक्षाओं, महाविद्यालय परिसरों और सोशल मीडिया पर अपना अभियान चला रहे हैं।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी परामर्श पत्र के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार दोनों दिन यातायात पाबंदियां लागू रहेंगी।
वर्ष 2025 के चुनाव में केंद्रीय पैनल के चार में से तीन पदों (जिसमें अध्यक्ष पद भी शामिल था) पर अभाविप ने जीत हासिल की थी और एनएसयूआई ने उपाध्यक्ष पद पर विजय हासिल की थी।
इस साल अभाविप ने अध्यक्ष पद के लिए यश डबास, उपाध्यक्ष पद के लिए इशू मौर्य, सचिव पद के लिए रिया छावड़ी और संयुक्त सचिव पद के लिए लक्ष्य राज सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है।
दिल्ली के कंझावला के रहने वाले डबास, बौद्ध अध्ययन में पढ़ाई कर रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर के एक टेनिस खिलाड़ी हैं। अभाविप के अनुसार, उन्होंने स्पेन, ऑस्ट्रेलिया और सर्बिया में आईटीएफ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया है।
‘कैंपस लॉ सेंटर’ में कानून के विद्यार्थी मौर्य 2021 से अभाविप से जुड़े हुए हैं, जबकि छावड़ी श्री अरबिंदो कॉलेज में स्नातक कार्यक्रम के चौथे साल के विद्यार्थी और अंतर-कॉलेज बास्केटबॉल खिलाड़ी हैं।
परिषद का कहना है कि कि ‘कैंपस लॉ सेंटर’ में कानून की पढ़ाई कर रहे सिंह ने एशियाई खेल और वर्ल्ड चैंपियनशिप में हैंडबॉल में भारत का प्रतिनिधित्व किया है।
एनएसयूआई ने अध्यक्ष पद के लिए विजय शंकर मीणा, उपाध्यक्ष पद के लिए वीर चतरथ, सचिव पद के लिए नम्रता चौधरी और संयुक्त सचिव पद के लिए गोपाल चौधरी को प्रत्याशी बनाया है।
संगठन ने कहा है कि उसका अभियान ‘छात्रों के हितों को प्राथमिकता देने’ और एक ‘समृद्ध, सुरक्षित और बेहतर’ दिल्ली विश्वविद्यालय बनाने पर केंद्रित होगा।
एनएसयूआई सदस्यों ने बताया कि एनएसयूआई के ‘मेरा कैंपस, मेरा घोषणापत्र’ अभियान को विद्यार्थियों से कई सुझाव मिले। इस पहल का मकसद विद्यार्थियों की चिंताओं को संगठन के चुनावी एजेंडे में शामिल करना था।
इसी तरह, अभाविप के ‘मेरा डीयू, मेरा घोषणापत्र’ अभियान के तहत भी विद्यार्थियों से राय मांगी गई। परिषद ने विद्यार्थियों के कल्याण और परिषर की सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को उठाया है।
आइसा-एसएफआई गठबंधन ने अध्यक्ष पद के लिए अनन्या रतूड़ी, उपाध्यक्ष पद के लिए अक्षत शिखर, सचिव पद के लिए स्टैनज़िन डेस्क्योंग और संयुक्त सचिव पद के लिए बी. पारिजात को उम्मीदवार बनाया है।
सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना के बाद, अन्य मुद्दों के साथ-साथ छात्रों की सुरक्षा और रहने की व्यवस्था भी चुनाव का एक अहम मुद्दा बन गया है।
भाषा
राजकुमार देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


