डूसू चुनाव : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एबीवीपी की जीत को ‘खुशी का पल’ बताया
डूसू चुनाव : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एबीवीपी की जीत को ‘खुशी का पल’ बताया
नयी दिल्ली, 19 सितंबर (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के चार में से तीन केंद्रीय पदों पर जीत दर्ज करने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और कहा कि यह उनके लिए ‘‘खुशी का विशेष क्षण’’ है।
वर्ष 1996-97 में खुद डूसू अध्यक्ष रह चुकीं गुप्ता ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल करने वाले यश डबास, सचिव पद पर विजयी रिया छाबड़ा और संयुक्त सचिव पद पर निर्वाचित लक्ष्य राज सिंह को बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इनकी जीत युवाओं के ‘‘ज्ञान, चरित्र और एकता’’ तथा ‘‘राष्ट्र प्रथम’’ के मूल्यों में विश्वास को दर्शाती है।
गुप्ता ने कहा कि युवाओं का समर्थन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और ‘विकसित भारत’ के संकल्प में उनके अटूट विश्वास की मुहर है।
दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने डूसू चुनाव में एबीवीपी की जीत पर सभी विजयी उम्मीदवारों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि यह परिणाम केवल चुनावी जीत नहीं है, बल्कि राष्ट्रवादी विचारधारा, युवा शक्ति और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प में युवाओं के विश्वास की अभिव्यक्ति है।
वर्ष 1988-89 में एबीवीपी से डूसू अध्यक्ष रहे दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने कहा कि यह सफलता दिल्ली विश्वविद्यालय के युवाओं के विश्वास और उनकी लोकतांत्रिक भागीदारी का परिणाम है।
दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने भी डूसू चुनाव में एबीवीपी की जीत पर बधाई दी और कहा कि देश के युवा देशभक्त हैं तथा विकसित भारत के लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध हैं।
इस बीच, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने भी डूसू चुनाव में जीत के लिए एबीवीपी पदाधिकारियों को बधाई दी।
शर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दिल्ली विश्वविद्यालय में राष्ट्रवादी छात्र राजनीति के लिए निर्णायक जनादेश! ‘छात्रों की गूंज’ मजबूती से एबीवीपी के साथ है। डूसू चुनाव में विजयी एबीवीपी उम्मीदवारों और उन पदाधिकारियों तथा शुभचिंतकों को बधाई, जिनके जमीनी स्तर पर अथक प्रयासों ने इस जीत को संभव बनाया।’’
भाषा
शफीक माधव
माधव

Facebook


