डूसू उपाध्यक्ष ने नॉर्थ कैंपस में प्रदर्शन किया, छात्रावास विस्तार की प्रक्रिया तेज करने की मांग

डूसू उपाध्यक्ष ने नॉर्थ कैंपस में प्रदर्शन किया, छात्रावास विस्तार की प्रक्रिया तेज करने की मांग

डूसू उपाध्यक्ष ने नॉर्थ कैंपस में प्रदर्शन किया, छात्रावास विस्तार की प्रक्रिया तेज करने की मांग
Modified Date: September 21, 2026 / 10:49 pm IST
Published Date: September 21, 2026 10:49 pm IST

नयी दिल्ली, 21 सितंबर (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) के उपाध्यक्ष दीपांशु शौकीन ने विद्यार्थियों के लिए छात्रावासों के विस्तार की प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग को लेकर सोमवार को विश्वविद्यालय के कला संकाय के पास प्रदर्शन का नेतृत्व किया।

कांग्रेस समर्थित एनएसयूआई से टिकट न मिलने के बाद निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने वाले शौकीन ने 13,705 मतों के अंतर से डूसू उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की थी।

अपने चुनाव प्रचार के दौरान छात्र नेता ने कहा था कि यदि वह जीतते हैं, तो विद्यार्थियों को सुरक्षित और किफायती आवास उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगा।

यह प्रदर्शन सत्य निकेतन में एक पांच मंजिला पेइंग गेस्ट (पीजी) आवास के ढहने की घटना के कुछ दिनों बाद हुआ है। इस हादसे में डीयू के पांच विद्यार्थियों समेत सात लोगों की मौत हो गई थी।

इस घटना ने विश्वविद्यालय में छात्रावासों की कमी और विद्यार्थियों के निजी पीजी आवासों की सुरक्षा को लेकर चिंताओं को फिर से बढ़ा दिया है।

सत्य निकेतन हादसे के बाद शौकीन ने विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित आवास की आवश्यकता पर जोर देते हुए नंगे पैर चुनाव प्रचार किया था।

उनकी इस मांग पर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

भाषा सुमित नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में