ई-रिक्शा चोरी की शिकायत करने गए चालक ने पुलिसकर्मी पर मारपीट का आरोप लगाया, पुलिस ने किया इनकार

Ads

ई-रिक्शा चोरी की शिकायत करने गए चालक ने पुलिसकर्मी पर मारपीट का आरोप लगाया, पुलिस ने किया इनकार

  •  
  • Publish Date - September 10, 2026 / 12:13 PM IST,
    Updated On - September 10, 2026 / 12:13 PM IST

नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) बाहरी उत्तर दिल्ली के यादवनगर इलाके में रहने वाले एक ई-रिक्शा चालक का वीडियो सोशल मीडिया पर आया है जिसमें वह रोते हुए आरोप लगा रहा है कि जब वह अपने वाहन की चोरी की शिकायत दर्ज कराने गया तो एक पुलिसकर्मी ने उसके साथ मारपीट की और उसका हाथ तोड़ दिया। वहीं पुलिस ने उसके साथ मारपीट करने से इनकार किया है।

पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि समीर नामक व्यक्ति आठ सितंबर को अपने ई-रिक्शा की कथित चोरी की शिकायत करने समयपुर बूथ पहुंचा था। उसने आरोप लगाया था कि उसका ई-रिक्शा दीना नामक व्यक्ति ने चुरा लिया है।

पुलिस ने बताया कि समीर और दीना एक-दूसरे को जानते थे और दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।

जांच के दौरान पाया गया कि चोरी की कोई घटना नहीं हुई थी और ई-रिक्शा समीर के पास ही था।

पुलिस ने कहा कि कार्यवाही दर्ज की गई और पुलिस द्वारा मारपीट किए जाने के आरोप की पुष्टि नहीं हुई।

सोशल मीडिया पर आए वीडियो में ई-रिक्शा चालक रोते हुए यह दावा करता नजर आ रहा है कि उसका वाहन चोरी हो गया था और जब वह शिकायत दर्ज कराने थाने गया तो एक पुलिसकर्मी ने उसके साथ मारपीट की।

पुलिस ने कहा कि उसकी जांच में सामने आए तथ्य वीडियो में लगाए गए आरोपों का समर्थन नहीं करते।

भाषा नोमान मनीषा

मनीषा