महात्मा गांधी की जन्मभूमि का दौरा करके बहुत गर्व महसूस हो रहा : ज्ञानेश कुमार

Ads

महात्मा गांधी की जन्मभूमि का दौरा करके बहुत गर्व महसूस हो रहा : ज्ञानेश कुमार

  •  
  • Publish Date - September 10, 2026 / 03:27 PM IST,
    Updated On - September 10, 2026 / 03:27 PM IST

अहमदाबाद, 10 सितंबर (भाषा) मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार गुजरात के दो दिवसीय दौरे के तहत बृहस्पतिवार को अहमदाबाद पहुंचे। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल जैसी महान हस्तियों की जन्मभूमि और कर्मभूमि में आकर उन्हें बहुत गर्व महसूस हो रहा है।

कुमार ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए अहमदाबाद के साबरमती आश्रम का दौरा किया। इस दौरान उन्हें साबरमती आश्रम के नवीनीकरण से जुड़ी परियोजना के बारे में जानकारी दी गई। गुजरात की सांस्कृतिक विरासत पर प्रकाश डालने वाले एक कार्यक्रम के तहत वह गांधीनगर के ऐतिहासिक अडालज की वाव भी पहुंचे।

इससे पहले, गुजरात के मुख्य निर्वाचन अधिकारी संदीप सागले, अहमदाबाद के जिलाधिकारी भव्य वर्मा और अन्य अधिकारियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कुमार का स्वागत किया।

कुमार ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, “यहां आकर मुझे बहुत गर्व महसूस हो रहा है। गुजरात महात्मा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल जैसी महान हस्तियों की जन्मभूमि और कर्मभूमि, दोनों रहा है।”

उन्होंने कहा, “आज और कल, मैं अहमदाबाद मैनेजमेंट एसोसिएशन के सदस्यों के साथ-साथ गुजरात के समर्पित बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ), कुलपतियों, प्राचार्यों और छात्रों के साथ अलग-अलग कार्यक्रमों में बातचीत करूंगा।”

कुमार ने साबरमती आश्रम की आगंतुक पुस्तिका में लिखा, “मेरे लिए उस पवित्र स्थान पर आना सम्मान की बात है, जहां से विश्व शांति और मानवता के संदेश का प्रसार हुआ।”

सीईसी बृहस्पतिवार को अहमदाबाद मैनेजमेंट एसोसिएशन (एएमए) के परिसर का भी दौरा करेंगे, जहां वह ‘भारत में चुनाव प्रबंधन-दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र’ विषय पर लोगों से संवाद करेंगे।

गुजरात यात्रा के दूसरे दिन कुमार गुजरात विश्वविद्यालय के अटल कलाम सभागार में राज्यभर के 500 से ज्यादा बीएलओ से बातचीत करेंगे। इसके बाद, वह अहमदाबाद के एयूडीए ऑडिटोरियम में मतदाता साक्षरता क्लब (ईएलसी) के 1,000 से अधिक सदस्यों से संवाद करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान ईसीआईएनईटी पर एक सूचनात्मक सत्र भी आयोजित किया जाएगा, जिसे निर्वाचन आयोग ने चुनावों के लिए एक सक्रिय “ऑल सॉल्यूशंस प्लेटफॉर्म” (सभी समाधान वाला मंच) बताया है।

एक बयान के मुताबिक, गुजरात के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की टीम ने “रोल से पोल तक पारदर्शिता” (मतदाता सूची से मतदान तक पारदर्शिता) पहल के तहत बीएलओ और ईएलसी सदस्यों के साथ कुमार का एक संवाद कार्यक्रम भी रखा है।

भाषा पारुल मनीषा

मनीषा