रामबन/जम्मू, पांच मई (भाषा) रामबन जिले के चंदरकोट में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित एक भोजनालय को मादक पदार्थों की बिक्री में संलिप्तता के आरोप में पुलिस ने मंगलवार को ध्वस्त कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि ‘माखन ढाबा’ का स्वामित्व पंजाब निवासी माखन सिंह के पास था और वह लगभग 40 वर्षों से चंदरकोट में रह रहा है।
पुलिस के अनुसार, इस ढांचे का इस्तेमाल स्थानीय लोगों के साथ-साथ राजमार्ग चालकों को प्रतिबंधित पदार्थों की आपूर्ति करने के लिए किया जा रहा था।
उन्होंने कहा, ‘यह कार्रवाई उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के नेतृत्व में जारी ‘नशा मुक्त जम्मू कश्मीर’ पहल के तहत मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के हिस्से के रूप में की गई।’
उन्होंने कहा, ‘हमने यह दोहराया है कि मादक पदार्थों की तस्करी में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।’
पुलिस ने चेतावनी दी कि जिन प्रतिष्ठानों के पास सरकारी लाइसेंस हैं, यदि उनका भी संबंध अवैध गतिविधियों से पाया गया तो उन्हें भी बख्शा नहीं जाएगा।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश