कोलकाता, 29 मार्च (भाषा) निर्वाचन आयोग ने रविवार को पश्चिम बंगाल के 18 जिलों में 83 ब्लॉक विकास अधिकारियों (बीडीओ) और सहायक चुनाव अधिकारियों (एआरओ) का तबादला कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, इस व्यापक फेरबदल में कूच बिहार के दिनहाटा-दो से लेकर दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर-एक और दो तक के ब्लॉक शामिल हैं, साथ ही रामनगर, नंदीग्राम-एक और दो, नानूर, लाभपुर, सूरी-एक, मोहम्मद बाजार, इलंबजार और मयूरेश्वर-एक भी शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि तबादलों से प्रभावित जिलों में कूच बिहार, जलपाईगुड़ी, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर, मालदा, मुर्शिदाबाद, नदिया, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, हुगली, पूर्वी और पश्चिमी मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुरा, पूर्वी और पश्चिमी बर्धवान और बीरभूम शामिल हैं।
चुनाव के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह निर्देश आयोग के नयी दिल्ली स्थित कार्यालय से जारी किया गया था।
उन्होंने कहा, “चुनाव से पहले प्रशासनिक निष्पक्षता सुनिश्चित करने और सभी को समान अवसर प्रदान करने के लिए ये तबादले किए गए हैं। इस तरह के उपाय चुनावी प्रक्रिया पर किसी भी स्थानीय प्रभाव को रोकने के लिए मानक प्रोटोकॉल का हिस्सा हैं।”
चुनाव से पहले अधिकारियों के तबादलों को लेकर राज्य सरकार और केंद्र के बीच जारी तनाव के बीच यह कदम उठाया गया है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कई मौकों पर आरोप लगा चुकी हैं कि इस तरह के तबादले राजनीतिक रूप से प्रेरित हैं।
भाषा राखी रंजन
रंजन