अरुणाचल में आर्थिक विकास और बुनियादी ढांचे को बढ़ावा मिला : खांडू

Ads

अरुणाचल में आर्थिक विकास और बुनियादी ढांचे को बढ़ावा मिला : खांडू

  •  
  • Publish Date - July 17, 2026 / 07:24 PM IST,
    Updated On - July 17, 2026 / 07:24 PM IST

ईटानगर, 17 जुलाई (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने शुक्रवार को कहा कि पिछले एक दशक में राज्य में तेजी से आर्थिक विकास हुआ है और इसने आधारभूत ढांचे एवं संपर्क सुविधा, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है।

खांडू ने सरकार के 10 वर्ष पूरे होने पर यहां संवाददाताओं से कहा कि प्रदेश के सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) में लगभग 149 प्रतिशत और राज्य के बजट में 238 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है।

उन्होंने कहा, ‘राज्य के अपने संसाधनों में पांच गुना से अधिक वृद्धि हुई है, जबकि प्रति व्यक्ति आय दोगुने से अधिक हो गई है। इससे अरुणाचल प्रदेश पूर्वोत्तर में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है।’

उन्होंने कहा कि अरुणाचल प्रदेश के एक विकसित और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सीमावर्ती राज्य के रूप में उभरने की मजबूत नींव तैयार हुई है।

मुख्यमंत्री ने आधारभूत ढांचे के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2016 में जहां हर साल लगभग 300 किलोमीटर सड़कें बनती थीं, वहीं अब यह बढ़कर लगभग 1,800 किलोमीटर हो गई है। ग्रामीण सड़क नेटवर्क में भी तीन गुना से अधिक विस्तार हुआ है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में 4,000 किलोमीटर से अधिक राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण कार्य जारी है।

उन्होंने कहा कि डोनी पोलो हवाई अड्डा एक प्रमुख विमानन केंद्र के रूप में विकसित हुआ है, जबकि हेलीकॉप्टर सेवाओं के जरिए 25 से अधिक गंतव्यों को जोड़ा गया है।

खांडू ने कहा कि 2,600 से अधिक नए 4जी टावरों की स्थापना से दूरदराज के क्षेत्रों में भी डिजिटल संपर्क में सुधार हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘फ्रंटियर हाईवे’ परियोजना और ‘वाइब्रेंट विलेज’ कार्यक्रम के तहत हुए ऐतिहासिक निवेश से सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापक बदलाव हुआ है। इसके तहत बस्तियों को जोड़ने के लिए 1,000 किलोमीटर से अधिक लंबी सड़कों का निर्माण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि स्कूली शिक्षा में बदलाव लाने के लिए ‘मिशन शिक्षित अरुणाचल 2029’ शुरू किया गया है और स्कूलों, छात्रावासों एवं उनसे जुड़े बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए 750 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।

स्वास्थ्य क्षेत्र का जिक्र करते हुए खांडू ने कहा कि 3,666 करोड़ रुपये की एक व्यापक योजना शुरू की गयी है जबकि मुख्यमंत्री आरोग्य अरुणाचल योजना और पीएम-जेएवाई के तहत दो लाख से ज़्यादा परिवारों को ‘कैशलेस’ इलाज मिल रहा है।

भाषा

राखी अविनाश

अविनाश