बेंगलुरु, 24 जून (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को कर्नाटक में पीएमएलए मामले में कई जगहों पर छापेमारी की, जिनमें कर्नाटक के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री सतीश जारकीहोली के बहनोई वाई. मंजूनाथ के परिसर भी शामिल थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई राज्य के आबकारी विभाग में कथित भ्रष्टाचार से जुड़े धनशोधन मामले की जांच के तहत की गई।
मंजूनाथ आबकारी विभाग में अतिरिक्त आयुक्त रैंक के अधिकारी हैं।
अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की सुरक्षा टीम के साथ बेलगावी, बेंगलुरु और मैसूरु जिलों में लगभग 18 परिसरों में छापेमारी की गई।
उन्होंने बताया कि जिन स्थानों पर छापेमारी की गई, उनमें एक उपायुक्त रैंक के अधिकारी और विभाग के कुछ अन्य कर्मचारियों के परिसर भी शामिल थे।
अधिकारियों ने बताया कि ईडी ने लोकायुक्त पुलिस की प्राथमिकी का संज्ञान लेते हुए धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मामला दर्ज किया।
मंजूनाथ, बेल्लारी के पूर्व सांसद वाई. देवेन्द्रप्पा के पुत्र हैं। उनकी पत्नी सतीश जारकीहोली और भाजपा विधायकों रमेश जारकीहोली तथा बालचंद्र जारकीहोली की बहन हैं।
भाषा
देवेंद्र माधव
माधव