ईडी चुनाव के दौरान रुपये ‘बांट’ रही: गहलोत

Ads

ईडी चुनाव के दौरान रुपये ‘बांट’ रही: गहलोत

  •  
  • Publish Date - November 5, 2023 / 10:16 PM IST,
    Updated On - November 5, 2023 / 10:16 PM IST

जोधपुर, पांच नवंबर (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) पर विधानसभा चुनावों के दौरान पैसों को ‘इधर से उधर ले जाने’ और ‘वितरण’ का आरोप लगाया।

हालांकि, आरोप लगाते समय गहलोत ने इस बारे में विस्तार से कुछ नहीं कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यह पहली बार है कि देश में चुनाव और ईडी की छापेमारी एक साथ चल रही है। ईडी इन चुनावों में ‘धन वितरण’ के लिए रकम इधर से उधर ले जा रही है और भारत के निर्वाचन आयोग को इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए।’’

गहलोत जोधपुर पहुंचने के बाद हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से बात कर रहे थे। वह 25 नवंबर को होने वाले राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को सरदारपुरा निर्वाचन क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल करने की तैयारी में हैं।

उन्होंने कहा कि यह काफी दिलचस्प है कि ईडी ने अभी तक किसी भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता के खिलाफ कोई कदम नहीं उठाया है।

उन्होंने कहा, ‘‘ईडी आर्थिक अपराधों और वित्तीय गबन के लिए है और हम भी इनके खिलाफ कार्रवाई चाहते हैं। लेकिन आज, ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग जैसी एजेंसियां नेताओं को निशाना बना रही हैं।’’

अपनी पार्टी के भीतर असंतोष को लेकर गहलोत ने कहा कि यह सामान्य है और उम्मीदवारों की घोषणा पर एक सहज प्रतिक्रिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘सभी की नाराजगी को दूर किया जाएगा और सभी को इस बात के लिए मनाया जाएगा कि उन्हें राज्य में कांग्रेस को सत्ता में वापस लाने के लिए एकजुट होकर काम करना होगा।’’

भाषा खारी सुरेश

सुरेश