तृणमूल सांसद से जुड़े अखबार में 60 करोड़ रुपये की ‘वित्तीय अनियमितताएं’ मिलीं: ईडी

Ads

तृणमूल सांसद से जुड़े अखबार में 60 करोड़ रुपये की ‘वित्तीय अनियमितताएं’ मिलीं: ईडी

  •  
  • Publish Date - September 8, 2026 / 01:01 PM IST,
    Updated On - September 8, 2026 / 01:01 PM IST

कोलकाता, आठ सितंबर (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तृणमूल कांग्रेस के नेता एवं राज्यसभा सदस्य नदीमुल हक से जुड़े एक उर्दू अखबार के परिसरों में 24 घंटे से अधिक समय तक चली छापेमारी के दौरान करीब 60 करोड़ रुपये की कथित वित्तीय अनियमितताओं का पता लगाया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

हक और उनके मीडिया प्रतिष्ठान से जुड़े परिसरों में तलाशी सोमवार की सुबह शुरू हुई थी और मंगलवार तड़के पूरी हुई।

ईडी के एक अधिकारी ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘लेनदेन की कड़ी का पता लगाने और जांच के दायरे में आई रकम के स्रोत का निर्धारण करने के लिए वित्तीय रिकॉर्ड और डिजिटल दस्तावेजों की जांच की जा रही है।’’

सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय जांच एजेंसी अखबार से जुड़े कथित अवैध वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है और यह भी पता लगा रही है कि क्या कुछ रकम हवाला के जरिये भेजी गई थी।

अधिकारी ने बताया कि ईडी के अधिकारियों ने छापेमारी के दौरान बैंक लेनदेन के रिकॉर्ड, वित्तीय दस्तावेज और डिजिटल सामग्री की जांच की तथा कोलकाता स्थित हक के आवास और कार्यालय में उनसे पूछताछ की।

उन्होंने बताया कि ईडी के जांचकर्ता तृणमूल कांग्रेस से कथित तौर पर जुड़ी रकम के लेनदेन की भी जांच कर रहे हैं।

ईडी सूत्रों के अनुसार, जांचकर्ताओं को करीब 60 करोड़ रुपये के ऐसे लेनदेन से संबंधित विसंगतियां मिली हैं, जिनके समर्थन में उन्हें तत्काल संतोषजनक रिकॉर्ड नहीं मिल सके।

अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय जांच एजेंसी अब यह पता लगा रही है कि ये लेनदेन वास्तव में कारोबारी सौदे थे या यह रकम हवाला समेत अनौपचारिक माध्यमों से भेजी गई थी।

दिल्ली और रांची में सात अन्य स्थानों पर भी इसी तरह की तलाशी ली गई। कोलकाता के पार्क सर्कस इलाके में अखबार के कार्यालय और हक से जुड़े परिसरों पर भी छापेमारी की गई।

अधिकारी ने बताया कि जब छापेमारी शुरू हुई तब तृणमूल सांसद रांची में थे। इसके बाद उन्हें सोमवार रात कोलकाता लाया गया और उनके आवास एवं कार्यालय में तलाशी के दौरान उनसे पूछताछ की गई।

यह जांच बिधाननगर पुलिस आयुक्तालय द्वारा दर्ज प्राथमिकी और उसके बाद ईडी की ओर से प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट (ईसीआईआर) दर्ज किए जाने के आधार पर शुरू हुई। मामले में अवैध और बेहिसाबी वित्तीय लेनदेन तथा संदिग्ध स्रोतों से रकम मिलने के आरोप शामिल हैं।

ईडी ने इस मामले में अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया है।

भाषा

सिम्मी वैभव

वैभव